भूस्खलन के बाद जम्मू-कश्मीर हाईवे बंद, सैकड़ों वाहन फंसे

-हादसे के बाद देशभर से श्रीनगर का संपर्क कटा

उदय भूमि ब्यूरो
जम्मू-कश्मीर। भूस्खलन के बाद जम्मू-कश्मीर हाईवे पर ट्रैफिक का संचालन रूक गया है। हाईवे को अवरोध मुक्त करने का काम तेज कर दिया गया है। जगह-जगह बड़ी संख्या में वाहन फंस गए हैं। भूस्खलन के कारण किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। कश्मीर में सड़क मार्ग से आवाजाही बिल्कुल बंद हो गई है। जम्मू-कश्मीर हाईवे करीब 247 किलोमीटर लंबा है। हाईवे पर भूस्खलन की वजह से यातायात में अवरोध उत्पन्न होना कोई नई बात नहीं है। जानकारी के अनुसार जिला रामबन में मंगलवार की सुबह भूस्खलन होने पर वाहनों का संचालन रोकना पड़ा। भूस्खलन का कारण निरंतर बारिश होना है। हाईवे को अवरोध मुक्त कराने को मलबा हटाने का काम चल रहा है। मलबा हटने और मौसम साफ  होने के बाद हाईवे पर यातायात सुचारू होने की उम्मीद है। हादसे के बाद यातायात विभाग सतर्क हो गया है। वाहन चालकों से धैर्य बरतने की अपील की गई है। जिला रामबन के बटोत और दलवास क्षेत्र में भूस्खलन होने की खबर है। मलबा सड़क पर आने के बाद हाईवे को बंद करना पड़ा है। हाईवे बंद होने से सैकड़ों की संख्या में वाहन रामबन में जगह-जगह फंस गए हैं। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया के कर्मचारी व मशीनें मलबा हटाने के काम में जुटी हैं। उधर, बारिश के बाद जिला रियासी में भूस्खलन होने से महिला सहित 3 नागरिक मलबे में दब गए। 24 और 25 अगस्त की रात को माहोर क्षेत्र में भूस्खलन की चपेट में आकर मकान ढह गया। मकान में मौजूद महिला समेत 3 नागरिक मलबे में दब गए। ऐसे में तीनों की मौत हो गई।