-भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी नाम
-टाइम पत्रिका की नजर में आयुष्मान खुराना भी ताकतवर
वाशिंगटन। अमेरिका की मशहूर पत्रिका टाइम ने दुनिया के 100 प्रभावशाली नागरिकों की सूची जारी की है। इस सूची में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा भारत के 4 नागरिक शामिल किए गए हैं। टाइम पत्रिका ने बॉलीवुड अभिनेता आयुष्मान खुराना को भी बेहद प्रभावशाली शख्सियत माना है। भारतीय सिनेमा जगत से इस लिस्ट में सिर्फ आयुष्मान ने जगह पाई है। इस सम्मान पर उन्होंने खुशी जाहिर कर सोशल मीडिया पर पोस्ट भी डाला है। अमेरिका की मशहूर टाइम पत्रिका प्रतिवर्ष दुनिया के प्रभावशाली नागरिकों का आंकलन कर सूची तैयार करती है। इस सूची में 100 शख्सियत को जगह दी जाती है। टाइम पत्रिका ने इस बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा 4 भारतीयों को प्रभावशाली माना है। सूची में बॉलीवुड अभिनेता आयुष्मान खुराना, गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई, एचआईवी पर रिसर्च वर्क में शामिल रविंदर गुप्ता और शाहीन बाग धरने से जुड़ी रहीं बिल्किस का नाम भी है। मुंबई फिल्म इंडस्ट्री से आयुष्मान खुराना इकलौते ऐसे कलाकार हैं, जिन्हें टाइम पत्रिका ने प्रभावशाली माना है। टाइम पत्रिका ने पीएम मोदी के विषय में लिखा है कि लोकतंत्र के लिए सबसे जरूरी स्वतंत्र चुनाव नहीं है। इसमें सिर्फ यह मालूम पड़ता है कि किसे सर्वाधिक वोट मिला है। भारत 7 दशकों से ज्यादा समय से दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र रहा है। भारत की 1.3 अरब की आबादी में ईसाई, मुस्लिम, सिख, बौद्ध, जैन और अन्य धर्मों के नागरिक शामिल हैं। टाइम पत्रिका की इस लिस्ट में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग, ताइवान की राष्ट्रपति त्साई इंग वेन, अमेरिका में उप-राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार कमला हैरिस, राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार जे बाइडन, जर्मन चांसलर एंजेला मर्केल आदि के भी नाम हैं। उधर, अभिनेता आयुष्मान खुराना ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा है कि टाइम पत्रिका द्वारा जारी विश्व के प्रभावशाली नागरिकों की सूची में शामिल होकर गौरव की अनुभूति हो रही है। आयुष्मान के फैंस भी इस सम्मान से काफी खुश हैं।
















