दिल्ली में दिग्गज नेताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की
नई दिल्ली। कैबिनेट मंत्री रामविलास पासवान का शनिवार को पटना में अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनके पार्थिव शरीर को शुक्रवार को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) से 12 जनपथ स्थित आवास पर लाया गया। जहां राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जय प्रकाश नड्डा ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। उधर, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने चिराग पासवान को पत्र लिखकर सांत्वना प्रकट की है। बिहार के दिग्गज नेता एवं केंद्र सरकार में मंत्री रामविलास पासवान (74) का वीरवार की देर शाम अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) दिल्ली में निधन हो गया था। अस्वस्थ होने के कारण उन्हें एम्स में भर्ती कराया गया था। जहां उनके दिल का ऑपरेशन भी किया गया था। पासवान के पार्थिव शरीर को शुक्रवार को एम्स से 12 जनपथ स्थित आवास पर लाया गया। वहां उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए सुबह से नागरिकों का आना शुरू हो गया। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जय प्रकाश नड्डा ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी। आज शाम को पासवान के पार्थिव शरीर को पटना ले जाया जाएगा। जहां शनिवार को अंतिम संस्कार होना है। ऐसे में केंद्र सरकार की तरफ से रविशंकर प्रसाद प्रतिनिधि के तौर पर मौजूद रहेंगे। वहीं, राष्ट्रीय शोक के रूप में वीरवार को राष्ट्रपति भवन, संसद भवन समेत सभी सरकारी कार्यालयों में तिरंगे को आधा झुकाया गया। मंत्री रामविलास पासवान का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। राजनीति में रामविलास पासवान ने अपनी अलग छवि कायम की थी। आधा दर्जन से अधिक केंद्र सरकारों के कार्यकाल में वह मंत्री पद पर रहे। बता दें कि अस्वस्थ होने की वजह से रामविलास पासवान बिहार विधान सभा चुनाव में सक्रिय नहीं थे। बिहार में पार्टी से जुड़े सभी फैसले उनके बेटे चिराग पासवान ले रहे हैं। विभिन्न राजनीति दलों के पासवान के असमय निधन पर दुख व्यक्त किया है। पासवान के निधन से खासकर बिहार की सियासत में एक शून्य पैदा हो गया है।
















