विशेष संवाददाता
कोलकाता। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनावों के लिए बीजेपी ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। सोमवार को काकद्वीप क्षेत्र स्थित शक्ति केन्द्रों पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए मथुरापुर लोकसभा (गंगा सागर क्षेत्र) के प्रवासी प्रभारी मान सिंह गोस्वामी ने कहा कि जो मां, माटी, मानुष के नाम पर जीत कर आते हैं वो लोग तानाशाही, तुष्टीकरण करते हैं।
गरीब किसान भाई जिनके विकास के बारे में सोचना चाहिए था, उनके लिए कुछ नहीं किया गया। मान सिंह ने कहा कि जिस तरीके से गरीब भाईयों के साथ अन्याय हुआ है ये ज्यादा दिन नहीं चलेगा। इस बार ममता दीदी को जाना होगा, क्योंकि कमल आगे का रास्ता है। यह बंगाल में विकास लाएगा। बंगाल में विकास तभी संभव है जब ममता जी जाएंगी और कमल खिलेगा।
उन्होने कहा कि मोदी जी बंगाल को विकास के रास्ते पर ले जाने का प्रयास कर रहे है, जिसमें हम सफल होगें और 5 साल के अंदर सोनार बंगला बनाएंगे। पश्चिम बंगाल के लोगों का उत्साह और उमंग दर्शाता है कि बंगाल में इस बार परिवर्तन निश्चित है।
















