100 वाटर कूलर और 300 ऑक्सीजन सिलेंडर लूटे
कराची।पाकिस्तान में कानून व्यवस्था की बद से बदतर हालत का ताजा उदाहरण सामने आया है। पाकिस्तान में सरकारी अस्पताल के स्टोर से 300 ऑक्सीजन सिलेंडर लूट लिए गए। यह सिलेंडर वहां कोविड-19 (कोरोना वायरस) के पॉजिटिव मरीजों के उपचार के लिए रखे गए थे। अज्ञात बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनौती दे डाली है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। लुटेरों का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस ने शिकायत मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। यह घटना विगत 22 अक्टूबर की बताई गई है। अज्ञात बदमाशों ने सिंध के सरकारी अस्पताल न्यू कराची में धावा बोला। हथियारबंद बदमाशों ने सरकारी कर्मचारियों को धमकी देकर स्टोर से सैकड़ों ऑक्सीजन सिलेंडर और वाटर कूलर लूट लिए। बिलाल कॉलोनी पुलिस स्टेशन में इस बावत एफआईआर दर्ज कराई गई है। सरकारी अस्पताल के सूत्रों ने एआरवाई न्यूज़ को बताया कि अपराधी अस्पताल की संपत्ति को लूटने और लोड करने के लिए ट्रक साथ में लाए थे। दर्ज रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस ने ट्रक पर 6 ऑक्सीजन सिलेंडर लोड करते समय 4 बदमाशों को मौके पर पकड़ा लिया। इसके पहले बदमाश 300 सिलेंडर और 100 वाटर कूलर ले जा चुके थे। ट्रक चालक सहित घटनास्थल स्थल से गिरफ्तार आरोपियों में से एक ने पुलिस पूछताछ में दावा किया कि एक व्यक्ति ट्रक और लोडर बुक करने के लिए वाहन में उनके पास आया था। उसने बताया कि अज्ञात व्यक्ति ने अस्पताल के गेट पर ट्रक को अपने परिसर में प्रवेश करने की मंजूरी दे दी। पुलिस द्वारा गिरफ्तार बदमाशों में सईदुल्लाह, इब्राहिम, नोमान और अब्दुल मजीद शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि बाकी संदिग्धों को गिरफ्तार करने हेतु संभावित स्थानों पर सघन छापेमारी की जा रही है। फरार आरोपियों को भी जल्द दबोच लिया जाएगा।
















