सुधार और विकास के क्षेत्र में मोदी सरकार की उपलब्धियां शानदार: समीर उरांव

अनुसूचित जनजाति के राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर उरांव ने संभाला पदभार

नई दिल्ली। बिशुनपुर करमटोली निवासी किसान पुत्र सह सांसद समीर उरांव को भारतीय जनता पार्टी के अनुसूचित जनजाति मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यालय में राज्यसभा सांसद एवं अनुसूचित जनजाति के राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर उरांव ने शुक्रवार देर शाम को अपना पदभार संभाला। समीर के व्यक्तित्व, उनका सादा जीवन, उच्च विचार, साथ ही पार्टी के प्रति सकारात्मक सोच व ईमानदारी पूर्वक कार्य करने के कारण उन्हें यह अवसर प्राप्त हुआ है। समीर उरांव की साफ छवि के कारण ही उन्हें 2 वर्ष पूर्व देश के उच्च सदन राज्यसभा सांसद का सदस्य के रूप में सदन में जगह मिली है। समीर का जीवन पूरी तरह से जमीन से जुड़ा हुआ है। जब भी समय मिलता है। वे खेत पर हल व कुदाल लेकर पहुंच जाते है। उन्होंने इलाके में आदिम जनजाति आदिवासी समुदाय के हक और अधिकार के लिए लंबे समय से लड़ाई लड़ते हुए राजनीति में कदम रखा था।

अनुसूचित जनजाति के राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर उरांव ने सरकार की उपलब्धियों का बखान करते हुए बताया भारतीय जनता पार्टी की सरकार देश और राज्य में विकास की राजनीति कर रही है। ग्रामीण स्तर तक इसका असर देखने को मिल रहा है। सुधार और विकास के क्षेत्र में मोदी सरकार की उपलब्धियां बहुत ही शानदार है। सरकार ने विकास के दृष्टिकोण से भ्रष्टाचार पर लगाम लगने का काम किया है। हर नागरिक को बैंक से जोड़ा गया है। जन धन योजना की राशि सीधे खाते में आ रही है। बिचौलियागिरी खत्म हुआ है। नौ करोड़ एलपीजी का कनेक्शन दिया गया है। महिला सशक्तिकरण का सपना साकार हुआ है। 18 हजार दुर्गम गांवों में बिजली पहुंचायी गई है। आयुष्मान भारत के तहत पांच लाख तक का इलाज बहाल हुआ है। दवा और इलाज के अभाव में गरीब दम नहीं तोड़ेंगे।

उनकी सरकार ने लोगों का जीवन बचाने का एक बड़ा अभियान चला रखा है। तीन तलाक बिल लाकर जहां सरकार ने महिलाओं को सम्मान के साथ जीने का अधिकार दिया है वहीं अयोध्या विवाद का समाधान कर भव्य राम मंदिर बनाने का मार्ग भी प्रशस्त किया है। उन्होने बताया जम्मू कश्मिर से धारा 370 और 35 ए का विलोपन लोगों को कानूनी समानता का अधिकार दिलाने के दिशा में उठाया गया ऐतिहासिक कदम है। प्रताडि़त हो रहे अल्पसंख्यकों को नागरिकता का दर्जा देकर सरकार ने संवेदनशील चेहरा सामने लाया है। आंतरिक और बाह्य सुरक्षा के मामले में मोदी सरकार के पहल से जहां आतंकवादियों को मुंहतोड़ जवाब देने का काम किया है वहीं सर्जिकल स्ट्राइक से शहीद सैनिकों के परिजनों के मांग को पूरा किया है।

विदेशों में भारत की साख जमी है। 14 करोड़ 50 लाख किसानों को प्रधानमंत्री किसान निधि से छह-छह हजार सालाना देने का काम किया जा रहा है। अब किसान खाद बीज खरीदने के लिए विवश नहीं हैं। पेंशन योजना बुढ़ापे की लाठी बनी है। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण के खिलाफ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बेहतर काम हुआ है। आईशोलेशन में भेंटीलेटर देने, इलाज के उपकरण देने, पीपीई किट्स की व्यवस्था करने, मजदूरों को घर पहुंचाने, भोजन पानी की व्यवस्था करने से लोगों को राहत मिली है और मन में यह विश्वास पैदा हुआ है कि हम कोरोना को हराएंगे। मोदी सरकार आत्मनिर्भर भारत बनाने का काम कर रही है।

छोटे उद्योगों को बढ़ावा देकर जनजाति बहुल क्षेत्र में वन धन योजना लागू कर आय बढ़ाने का काम किया है। समीर उरांव ने कहा कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों को सरकार की योजनाओं की जानकारी दें।
इस दौरान केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, इस्पात मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते, पूर्व गृहमंत्री श्रीराम विचार, सांसद दिलीप सिकिया, स्वच्छ भारत अभियान के राष्ट्रीय संयोजक यशवंत सिंह दरबार, सांसद डॉक्टर महेश शर्मा, विजय भारद्वाज एवं गगन एनक्लेव आरडब्ल्यूए अध्यक्ष एवं भाजपा नेता रघुनंदन भारद्वाज समेत सैकड़ो कार्यकर्ताओं ने फूलों का गुलदस्तां भेंट एवं माल्यार्पण कर समीर उरांव को उनके जन्मदिन की सभी को याद दिलाते हुए पदभार ग्रहण करने एवं राष्ट्र को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए बधाई दी। भाजपा कार्यकर्ताओं ने समीर के नेतृत्व में पूरे देश के अनुसूचित जनजाति को मजबूत करने का भरोसा जताया है।