गाजियाबाद। नगर निगम की टीम ने सड़कों पर बढ़ते अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। सड़क पर अतिक्रमण करके रखे गए कुछ सामान को टीम के सदस्यों ने निगम के वाहनों में उठाकर डाल दिया। इस कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया। अतिक्रमण के कारण बाजारों में जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही थी। जिसके चलते नगर निगम की टीम ने कार्रवाई की।
नगर निगम ने जन शिकायत निवारण प्रणाली (आईजीआरएस) के अंतर्गत मिली शिकायत पर संज्ञान लेकर नगर आयुक्त के निर्देश पर मंगलवार को दिल्ली गेट से चौपला मंदिर तक व चौपला मंदिर से सिहानी गेट पुलिस चौकी तक जोनल प्रभारी सिटी जोन सुधीर शर्मा व टीम द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। सिटी जोन के जोनल प्रभारी सुधीर शर्मा ने बताया कि रोड को जाम कर पटरी पर सामान रख अतिक्रमण करने की शिकायतें लगातार मिल रही थी। पटरी पर रखा सामान जो अतिक्रमण किया गया था, उसे हटाया गया और मुख्य रोड़ पर कुछ लोगों ने बैनर पोस्टर आदि लगाकर सड़क पर अतिक्रमण किया हुआ था। सिहानी गेट पुलिस चौकी नवयुग मार्केट व नगर निगम ईटीएफ स्टाफ व प्रवर्तन दल के सहयोग से राजस्व निरीक्षक अनुज कुमार व निरीक्षक द्वितीय जितेन चौहान के माध्यम से अतिक्रमण को हटाया गया। अभियान में 5 मेज, 6 काउंटर, अवैध रूप से लगाए गए 20 जानवरों को भी हटाया गया। इसके साथ ही लोगों को चेतावनी दी गई कि अगर रोड़ व पटरी पर किसी प्रकार का कोई अतिक्रमण पाया गया तो जुर्माने की कार्रवाई भी की जाएगी। नगर निगम द्वारा चलाए गए अभियान से आसपास के लोगों को काफी राहत मिली।
















