पाकिस्तानी हैकर्स की हरकत, गृह राज्य मंत्री की वेबसाइट हैक

उदय भूमि ब्यूरो
नई दिल्ली। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री जी किशन रेड्डी की व्यक्तिगत वेबसाइट में पाकिस्तानी हैकरों ने सेंधमारी की है। पाक हैकरों ने वेबसाइट को हैक कर आजाद कश्मीर जैसे पोस्ट कर दिए हैं। हैकर्स का उद्देश्य देश के नागरिकों तक गलत एवं भ्रामक जानकारी पहुंचाना था। गृह राज्य मंत्री रेड्डी के हैदराबाद कार्यालय की तरफ से इस घटना की तस्दीक की गई है। पाकिस्तानी हैकर्स ने भारत सरकार को चेतावनी तक दे डाली है। हैकिंग के बाद से वेबसाइट अभी उपलब्ध नहीं है। वेबसाइट हैकिंग में किसी प्रकार के डाटा चोरी की कोई सूचना नहीं है। कुंठाग्रस्त पाक हैकर्स अक्सर इस तरह की हरकतों को अंजाम देते रहते हैं। पाक में हैकर्स का गिरोह सक्रिय है। हालांकि पाकिस्तान भी इस प्रकार की घटना का शिकार होता रहा है। 15 अगस्त को पाकिस्तानी वेवसाइट भी हैक कर ली गई थी। पाक की फातिमा जिन्नाह महिला विश्वविद्यालय सहित दूसरी साइट्स पर भारत का तिरंगा झंडा लहराता दिखा था। यही नहीं भगवान राम की तस्वीर के साथ राम मंदिर निर्माण की बात भी दिखाई दी थी। पाकिस्तान की वेबसाइट को हैक कर लिया गया था। इसके होम पेज पर यह हरकत इंडियन साइबर ट्रूप की बताई गई थी। पेज पर सबसे ऊपर तिरंगे के साथ सत्यमेव जयते भी लिखा था। उसके नीचे भारत का तिरंगा झंडा लेकर दौड़ते बच्चों की तस्वीर थी। अंत में स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी गई थी। दुनियाभर में हैकर्स अक्सर वेबसाइट को हैक करते रहते हैं। आरोप है कि कुछ साल पहले नॉर्थ कोरिया के हैकर्स ने हैकिंग के जरिए मोटी रकम जुटाई थी।