जनविरोधी सरकार को 2022 में उखाड़ फैंकेगी जनता: किशन सिंह तोमर

राहुल सिंह (उदय भूमि ब्यूरो) 
धौलाना।
समाजवादी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष व सपा नेता किशन सिंह तोमर के नेतृत्व में प्रदेशव्यापी समस्या व गुंडागर्दी को लेकर तहसील परिसर में सोमवार को पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार पर जमकर हल्ला बोला। पार्टी विधानसभा अध्यक्ष पंकज सिसोदिया ने कहा कि प्रदेश में अराजकता और जंगलराज का बोलबाला है। अपराधी बेखौफ और जनता की जान माल की सुरक्षा में पुलिस तंत्र विफल है। प्रदेश में फर्जी एनकाउंटर और हिरासत में मौतों का सिलसिला जारी है। महंगाई चरम पर है और स्कूल कॉलेज बंद होने के बावजूद जबरन फीस वसूली का अभियान जारी है। सरकार आरक्षण खत्म करने की साजिश रच रही है। सपा नेता किशन सिंह तोमर ने कहा किसान बदहाली का शिकार है। सरकार किसानों का बकाया अदा नहीं कर रही है। ब्याज की तो दूर की बात हैं, किसान खाद बीज कीटनाशक दवाइयों के लिए परेशान है। किसानों को फसलों की लागत मूल्य तक नहीं मिल रही है। उसकी आय दुगनी करने का जो वादा किया जा रहा है। वह किसान के साथ छलावा, और वादाखिलाफी है। बिजली का बिल और डीजल के दाम बढ़ाकर खेती को चौपट किया जा रहा है। सपा नेता मोहम्मद गफ्फार चौधरी ने कहा प्रदेश का नौजवान बेरोजगारी की मार झेल रहा है। लॉकडाउन पीरियड में तमाम संस्थानों ने कर्मचारियों की छंटनी कर दी नोटबंदी जीएसटी में व्यापार चौपट कर दिया। सरकार ने अब सरकारी नौकरियों की भर्ती आउट सोर्स लेकर आने का इरादा किया है। जिसमें 5 साल संविदा में नौकरी करनी होगी। और दक्षता परीक्षा में 60 फिसदी अंक मिलने पर ही आगे नौकरी चल सकेगी। यह युवाओं का शोषण करने वाली प्रक्रिया है। जिसे तत्काल निरस्त किया जाए।
युवजन सभा के पूर्व जिलाध्यक्ष हिमांशु राणा ने कहा कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है। जिसको रोकने के लिए सरकार पूर्ण रूप से फेल हो चुकी है। इस दौरान दिनेश तोमर, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डां आदिल, राकेश प्रमुख धौलाना, वरिष्ठ सपा नेता हारुन चौधरी,सुलतान खान,संजय गहलौत,चौधरी फिदा हुसैन,पूर्व जिला सचिव आरिफ सिद्दीकी, हसीन चौधरी,शहजाद चौधरी,अजय त्यागी,इस्लाम चौधरी, पूर्व जिला सचिव इमामुद्दीन मौसम, ठेकेदार रईस खान समेत भारी संख्या में धरना प्रदर्शन में सफाई मौजूद रहे।
झलकियां:
धौलाना। सपा के धरना प्रदर्शन के दौरान धौलाना तहसील परिसर में पुलिस प्रशासन द्वारा भारी संख्या में तैनात पुलिस बल देख सपा के कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। पुलिस प्रशासन से सपाईयो को कोई खौफ नहीं दिखाई दिया। जबकि देखने वाले लोग चर्चा कर रहे थे कि अब से पहले भी सपा के काफी धरना-प्रदर्शन हुए हैं लेकिन भारी संख्या में पुलिस बल तक नहीं आया। इसमें तो पुलिस के साथ पीएसी भी बुला ली।
कृषि विधेयक बिल के खिलाफ गढ़मुक्तेश्वर में विरोध जारी:
गढ़मुक्तेश्वर में कृषि विधेयक बिल के खिलाफ पूरे देश में विरोध प्रदर्शन जारी है। आज हापुड़ जिले की गढ़मुक्तेश्वर तहसील में पूर्व मनोरंजन कर मंत्री मदन चौहान समेत अन्य पदाधिकारियों की मौजूदगी में सपाइयों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन करते हुए राज्यपाल के नाम जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। जिसके माध्यम से उन्होंने किसानों की समस्याओं को दूर करने की मांग की है। गढ़मुक्तेश्वर तहसील परिसर में सपा सरकार में रहे मंत्री मदन चौहान और पूर्व जिलाध्यक्ष सुबोध नागर समेत सैकड़ों कार्यकर्ता एकत्रित हुए। जहां उन्होने यूपी की योगी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। योगी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए सपाइयों ने कहा कि आज पूरे प्रदर्शन में किसानों के नाम साजिश और धोखा किया जा रहा है। युवाओं के साथ रोजगार देने के नाम पर छलावा किया जा रहा है।