गोवर्धन पर्व पर केदारनाथ धाम पहुंचे पीएम मोदी

आदि गुरु शंकराचार्य की प्रतिमा का अनावरण

देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को केदारनाथ धाम में आदि गुरु शंकराचार्य के समाधि स्थल एवं प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान पीएम ने पूजा-अर्चना भी की। पीएम बनने के बाद मोदी 5वीं बार बाबा केदारनाथ के द्वार पर पहुंचे हैं। आदि गुरु शंकराचार्य के समाधि स्थल एवं प्रतिमा का अनावरण करने के बाद पीएम मोदी ने कहा कि तीर्थस्थलों के विकसित होने से भारत की संस्कृति, विरासत और आस्था के केंद्रों का गौरव सदियों के बाद वापस मिल रहा है। उन्होंने रामनगरी अयोध्या का भी जिक्र किया।

पीएम मोदी ने कहा कि अयोध्या में प्रभु श्रीराम का भव्य मंदिर पूरे गौरव के साथ बन रहा है। 2 दिन पहले अयोध्या में दीपोत्सव का भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम को समूची दुनिया ने देखा। अयोध्या का प्राचीन सांस्कृतिक स्वरूप कैसा रहा होगा, आज हम इसकी कल्पना कर सकते हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि भगवान राम से जुड़े सभी तीर्थस्थलों को जोड़कर एक पर्यटन सर्किट के निर्माण का कार्य चल रहा है। उत्तर प्रदेश में काशी का भी कायाकल्प किया जा रहा है। जहां विश्वनाथ धाम का काम पूर्णता की तरफ बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि बनारस में सारनाथ के अलावा कुशीनगर और बोधगया आदि स्थलों को जोड़कर विश्व भर में बौद्ध धर्म के अनुयायियों को आकर्षित करने को पर्यटन सर्किट तैयार किया जा रहा है।

मथुरा और वृदांवन में भी वहां की शुचिता और पवित्रता को बरकरार रखकर विकास कार्य तेजी से जारी हैं। पीएम मोदी ने कहा कि केदारनाथ से प्रत्येक श्रद्धालु एक नई ऊर्जा लेकर जाता है। आदि गुरु शंकराचार्य की इस विरासत को देश अपने लिए एक प्रेरणा के रूप में देखता है। पीएम मोदी ने आजादी के अमृत महोत्सव का उल्लेख कर नागरिकों से आग्रह किया कि वह स्वाधीनता संग्राम से जुड़े ऐतिहासिक स्थानों के साथ-साथ केदारनाथ जैसे पवित्र स्थानों पर भी अधिक से अधिक जाएं। नई पीढ़ी को भी इन स्थलों से परिचित कराएं।