फिट इंडिया मूवमेंट की पहली वर्षगांठ मनाई गई
उदय भूमि ब्यूरो
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फिट इंडिया मूवमेंट की पहली वर्षगांठ पर वीरवार को नागरिकों को फिट रहने के मंत्र दिए। उन्होंने कहा कि फिट रहना मुश्किल नहीं है। नियमित प्रयास से शरीर को चुस्त एवं तंदुरूस्त रखा जा सकता है। उन्होंने कहा कि शरीर को फिट रखने के लिए मस्तिष्क को फिट रखना भी जरूरी है। प्रधानमंत्री मोदी ने अच्छी सेहत के अनेक मंत्र बताए। उन्होंने कहा कि योग, आसन, व्यायाम, घूमना, दौडऩा, स्वस्थ आहार व तैरना यह सब प्रकृति का हिस्सा बनता जा रहा है। फिट इंडिया मूवमेंट ने अपने प्रभाव और प्रासंगिकता को कोरोना काल में साबित कर दिखाया है। उन्होंने कहा कि आज विभिन्न देशों ने फिटनेस के लिए अनेक लक्ष्य बनाए हैं। यह देश अनेक मोर्चों पर काम भी कर रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया, जर्मनी, ब्रिटेन व अमेरिका आदि में फिटनेस का अभियान चल रहा है। यह अच्छी पहल है। फिटनेस के प्रति प्रत्येक नागरिक को सजग रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि दिमाग फिट रहने पर शरीर भी फिट रहता है। अलबत्ता दिमाग को फिट रखना चाहिए। फिट रहना उतना मुश्किल नहीं है, जितना नागरिकों को लगता है। फिटनेस की डोज, आधा घंटा रोज, इस मंत्र में सभी का स्वास्थ्य और सभी का सुख छिपा है। स्वामी विवेकानंद के हवाले से प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि शक्ति ही जीवन है, कमजोरी ही मृत्यु है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि नियमित रूप से व्यायाम कर खुद को फिट और मजबूत रखा जा सकता है। इससे एक आत्मविश्वास आता है। यही आत्मविश्वास व्यक्ति को अलग-अलग क्षेत्र में कामयाबी दिलाता है। उन्होंने कहा कि फिट इंडिया मूवमेंट दरअसल हिट इंडिया मूवमेंट भी है, इसलिए जितना इंडिया फिट होगा, उतना इंडिया हिट होगा। बता दें कि सालभर पहले फिट इंडिया मूवमेंट की शुरुआत की गई थी।
















