पीस टीवी मोबाइल ऐप, यू-ट्यूब चैनल पर कसेगा शिकंजा
नई दिल्ली। भगोड़े जाकिर नाइक के जहरीले बोल बंद नहीं हो पाए हैं। मलेशिया में रहकर भी वह समय-समय पर भारत के खिलाफ जहर उगल रहा है। ऐसे में भारत सरकार अब जाकिर के खिलाफ कुछ और ठोस कदम उठाने पर विचार कर रही है। इसके तहत जाकिर नाइक के पीस टीवी मोबाइल ऐप, पीस टीवी के नाम से संचालित यू-ट्यूब चैनल और फेसबुक पेज पर शिकंजा कसने की तैयारी है। गृह मंत्रालय के सूत्रों का कहना है कि पीस टीवी पर प्रतिबंध लगाने के बावजूद भगोड़ा जाकिर नाइक बाज नहीं आया है। वह देश के युवाओं को रेडिकलाइज कर जेहादी बनाने की साजिश में लगा है। आईबी ने गृह मंत्रालय को इस संबंध में रिपोर्ट भेजी है। पीस टीवी पर प्रतिबंध लगने के बाद वह सुरक्षा एजेंसियों से बचने को पीस टीवी मोबाइल ऐप और सोशल मीडिया के जरिए भड़काऊ वीडियो अपलोड कर रहा है। कुछ दिन पहले गृह मंत्रालय में एनआईए, आईबी इत्यादि एजेंसियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई थी। इस बैठक में जाकिर नाइक के इस तरह के वीडियो को देश के सांप्रदायिक सौहार्द के लिए खतरा बताया गया। नाइक ने कुछ दिन पहले यू-ट्यूब पर विवादित वीडियो पोस्ट की है। वीडियो में कहा गया है कि भारत मे 60 प्रतिशत से कम हिंदू हैं। ऐसे में सभी मुस्लिमों को एकजुट होकर अपने नेताओं और पार्टी को जिताना चाहिए। बता दें कि विवादित मुस्लिम धर्मगुरु जाकिर नाइक काफी समय पहले भारत छोड़कर भाग गया था। वर्तमान में वह मलेशिया में शरण लिए है। मलेशिया से उसे भारत लाने की कोशिशें जारी हैं। मलेशिया की सरकार द्वारा सहयोग न करने के कारण जाकिर नाइक को भारत नहीं लाया जा सकता है। भारत में जाकिर नाइक के खिलाफ कई मामले दर्ज कर जांच हो रही है।
















