-क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र में देर रात तक चला अभियान, गांजा तस्कर गिरफ्तार, दर्जनों चालान और संदिग्धों पर कार्रवाई
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शहर को नशे की गिरफ्त से मुक्त करने और कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गुरुवार रात को क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया गया। यह अभियान पुलिस उपायुक्त नगर धवल जायसवाल के निर्देशन में तथा वेव सिटी की सहायक पुलिस आयुक्त प्रियाश्री पाल के सशक्त नेतृत्व में संपन्न हुआ। अभियान की कमान खुद संभालते हुए एसीपी प्रियाश्री पाल ने साफ संदेश दिया कि नशे के कारोबार और असामाजिक गतिविधियों के लिए क्षेत्र में कोई स्थान नहीं है। शाम 7 बजे से रात 11 बजे तक चले इस सघन सर्च अभियान में थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक के थानाध्यक्ष सहित भारी पुलिस बल ने क्षेत्र के प्रमुख मार्गों, संदिग्ध स्थलों, वाहनों और व्यक्तियों की गहन जांच की। अभियान के दौरान पुलिस की सतर्कता और मुस्तैदी का असर साफ दिखाई दिया।
चेकिंग के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 34 वाहनों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत चालान की कार्रवाई की गई, जिससे आमजन में अनुशासन और कानून के प्रति सम्मान का संदेश गया। अभियान की सबसे बड़ी सफलता उस समय मिली जब एनडीपीएस एक्ट के तहत एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त के कब्जे से 2.360 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया, जिसे वह क्षेत्र में बिक्री के उद्देश्य से ले जा रहा था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को हिरासत में लिया और उसके खिलाफ विधिक कार्यवाही सुनिश्चित की। यह कार्रवाई नशा तस्करों के लिए कड़ा संदेश मानी जा रही है। इसके अतिरिक्त, क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से 5 संदिग्ध व्यक्तियों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170/126/135 के अंतर्गत निरोधात्मक कार्रवाई की गई।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस प्रकार की कार्रवाई से असामाजिक तत्वों में भय और आम नागरिकों में सुरक्षा का भाव उत्पन्न होता है। वेव सिटी सहायक पुलिस आयुक्त प्रियाश्री पाल की कार्यशैली इस अभियान में विशेष रूप से प्रभावी नजर आई। वे स्वयं मौके पर मौजूद रहीं, प्रत्येक गतिविधि की निगरानी की और अधीनस्थ अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की ढिलाई या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उनकी सख्त लेकिन व्यवस्थित कार्यप्रणाली के चलते अभियान पूरी तरह सफल रहा। एसीपी प्रियाश्री पाल का मानना है कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल गिरफ्तारी तक सीमित नहीं, बल्कि निरंतर निगरानी, सघन चेकिंग और जनता में जागरूकता से ही इसे जड़ से समाप्त किया जा सकता है। इसी सोच के तहत भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रखने के संकेत दिए गए हैं। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस की इस सख्त कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि देर रात तक चलने वाली चेकिंग से क्षेत्र में सुरक्षा का भरोसा मजबूत हुआ है। कुल मिलाकर, क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र में चला यह अभियान वेव सिटी एसीपी प्रियाश्री पाल की दृढ़ इच्छाशक्ति, सख्त कार्यशैली और अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति का स्पष्ट प्रमाण बना।

















