राज होंगे फाश : खुलेगी ड्रग मंडली की कुंडली

दीपिका पादुकोण, सारा अली खान और श्रद्धा कपूर से पूछताछ

मुंबई। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने शनिवार को बॉलीवुड अभिनेत्री दीपिका पादुकोण, सारा अली खान और श्रद्धा कपूर से पूछताछ की। ड्रग्स चैट की बावत तीनों से अलग-अलग बिंदुओं पर सवाल पूछे गए। इस दरम्यान दीपिका का सामना उनकी मैनेजर करिश्मा से भी कराया गया। दोनों को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ हुई। अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत केस में ड्रग्स एंगल की जांच चल रही है। इसी सिलसिले में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने आज अभिनेत्री दीपिका पादुकोण, उनकी मैनेजर करिश्मा, अभिनेत्री सारा अली खान और श्रद्धा कपूर को तलब किया था। एनसीबी के गेस्ट हाउस पहुंचने के दौरान तीनों अभिनेत्रियों के चेहरे पर बेचैनी साफ देखने को मिली। वह काफी नर्वस हालत में थीं। जांच टीम ने दीपिका पादुकोण से शुरुआती 2 घंटे अकेले में पूछताछ की। बाद में उनकी मैनेजर करिश्मा को बुलाया गया। दीपिका और करिश्मा को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ हुई। दरअसल दीपिका और करिश्मा की ड्रग चैट सामने आई थी। चैट में दोनों ड्रग्स के विषय में बात कर रही थीं। दीपिका ने कबूल किया कि उनका एक अपना व्हाट्स-अप ग्रुप था, जिसकी वह एडमिन थीं। इस ग्रुप में ज्यादातर बातें ड्रग्स पर होती थीं। इस ग्रुप में दीपिका के अलावा जया साह और करिश्मा आदि शामिल थे। उधर, सूत्रों का कहना है कि श्रद्धा कपूर ने पूछताछ में ड्रग्स लेने की बात से इनकार किया है। पूछताछ में श्रद्धा ने बताया कि फिल्म छिछोरी की रिलीज़ के बाद पावना फार्म हाउस में पार्टी हुई थी। उस पार्टी में उन्होंने कोई ड्रग्स नहीं लिया था। श्रद्धा ने यह भी दावा किया कि उन्होंने सुशांत सिंह राजपूत को अपनी वैनिटी वैन और कभी-कभी सेट पर फिल्म की शूटिंग के दौरान ड्रग्स का सेवन करते देखा था। जब एनसीबी के अफसरों ने श्रद्धा को उनके जया के साथ ड्रग चैट दिखाए तो श्रद्धा ने कोई जवाब नहीं दिया। एनसीबी की टीम ने अभिनेत्री सारा अली खान से भी विभिन्न सवालों के जवाब जानने का प्रयास किया। बता दें कि सुशांत सिंह केस में ड्रग्स एंगल सामने आने के बाद एनसीबी ने अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती और उनके भाई शोविक चक्रवर्ती के अलावा कई अन्य को गिरफ्तार किया था। सभी आरोपी फिलहाल जेल में बंद हैं।