दुष्कर्म पीड़िता ने खाया जहर, खाकी पर एक्शन

थानाध्यक्ष और 4 सिपाही लाइन हाजिर, हड़कंप

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के रामपुर जनपद में दुष्कर्म पीड़िता ने समझौते के लिए दबाव बनाए जाने से आहत होकर जहर खाकर जान देने की कोशिश की। पीड़िता को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह प्रकरण गर्माने पर मुरादाबाद के पुलिस महानिरीक्षक ने थानाध्यक्ष के अलावा 4 सिपाहियों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है। सभी का गैर जनपद में तबादला भी किया जाएगा। रामपुर में सिपाही द्वारा अश्लील वीडियो बनाकर महिला को ब्लैकमेल करने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़िता का कहना है कि सिपाही ने वीडियो के दम पर 6-7 माह तक दुष्कर्म किया। पीड़िता के पति को इस मामले की जानकारी मिल गई। आरोप है कि सिपाही ने महिला के पति को जान से मारने की धमकी दी। बाद में पीड़ित पक्ष की शिकायत पर सिपाही अमित कुमार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। सिपाही अमित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। इस बीच पीड़ित परिवार पर समझौता करने के लिए दबाव डाला गया। इससे तंग आकर महिला ने जहर खाकर जान देने का प्रयास किया। पीड़िता को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुरादाबाद के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) रमित शर्मा ने रामपुर आकर पीड़िता और उसके पति से मुलाकात की। दंपति ने आईजी के समक्ष आप-बीती बताई। आईजी ने बताया कि इस प्रकरण में थानाध्यक्ष पटवाई के अलावा 4 पुलिस कर्मियों को लापरवाही बरते जाने पर लाइन हाजिर कर दिया गया है। सभी का गैर जनपद में स्थानांतरण कराया जाएगा। इस कार्रवाई से महकमे में हड़कंप मच गया है। सरकारी अस्पताल में भर्ती पीड़िता महिला की हालत में पहले से सुधार है। बता दें कि उत्तर प्रदेश में महिलाओं के साथ छेड़छाड़, बलात्कार और सामूहिक बलात्कार के मामले आए दिन सामने आ रहे हैं। हाथरस और बलरामपुर में जघन्य वारदात होने से सरकार और पुलिस विभाग की काफी किरकिरी हो चुकी है।