फरियादियों का सम्मान, शिकायतों के निस्तारण में बरतें गंभीरता: पवन कुमार

-एसएसपी ने किया थानों का औैचक निरीक्षण

गाजियाबाद। थानों में लंबित विवेचनाओं का निस्तारण से लेकर एफआईआर रजिस्टर दुरूस्त रखने एवं साफ-सफाई आदि व्यवस्थाओं को दृष्टिगत रखते हुए एसएसपी पवन कुमार अब दिन के साथ रात में भी थानों का औचक निरीक्षण कर रहे है। एसएसपी के निरीक्षण से थानों में भी हड़कंप मच रहा है।
नवागत एसएसपी पवन कुमार ने सोमवार को एसपी ग्रामीण डॉ. ईरज राजा की मौजूदगी में मधुबन-बापूधाम का औचक निरीक्षण करने पहुंचे। इसके बाद ट्रॉनिका सिटी, लोनी और टीला मोड़ थाने का भी औचक निरीक्षण किया। एसएसपी ने थानों में विभिन्न रजिस्टर चेक करते हुए पुलिसकर्मियों से सवाल-जवाब भी किए। वहीं, अभिलेखों को चेक करने के अलावा माल खाना, बैरक,भोजनालय आदि का निरीक्षण किया। थानों में पीडि़तों की शिकायतों को सुनने और निस्तारण करने पर भी पुलिसकर्मियों से जानकारी ली। उन्होंने थाना परिसर में सफाई व्यवस्था पर विशेष रखने की बात कही। एसएसपाी पवन कुमार ने मधुबन-बापूधाम थाना प्रभारी देवपाल सिंह पुुंडीर को निर्देश दिए कि पीडि़त की शिकायत सुनने के बाद उनका निस्तारण तत्काल कराया जाए। एसएसपी ने ट्रॉनिका सिटी थाना प्रभारी संदीप सिंह, लोनी थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंंद्र सिंह एवं टीलामोड़ थाना प्रभारी निरीक्षक ओमप्रकाश आर्य को निर्देश दिए कि थाने में आए हुए सभी फरियादियों का सम्मान करें। अपराध छोटे हो या बड़े उस पर तुरंत एक्शन लेकर सख्त कार्रवाई करें। उन्होंने थाने में प्रचलित अभिलेखों के साथ-साथ कोविड-19 प्रोटोकाल का सख्ती के साथ पालन करने एवं कराने का निर्देश दिया। सड़कों पर बिना वजह से मास्क लगाए बिना घूमने वाले लोगों का चालान काटने को कहा। वांछित एवं सक्रिय बदमाशों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए जेल भेजा जाए। वहीं, थाना परिसर में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने के साथ ही महिला हेल्प डेस्क पर महिलाओं से संबंधित शिकायतों को सुनने के बाद उनका निस्तारण कराया जाए। लंबित विवेचनाओं का जल्द निस्तारण किया जाए। ताकि मामलों का निस्तारण करने के बाद पीडि़तों की समस्या दूर की जा सके। एसएसपी ने लोनी थाने का औचक निरीक्षण करते हुए थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह को आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही रोजनामचा एवं विभिन्न रजिस्टरों का निरीक्षण किया तथा थाने के टॉप टेन अपराधियों की सूची देखकर समय समय पर उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। लावारिस वाहनों का निस्तारण एवं थाने के पीछे भरे बारिश के पानी की समस्या का भी निस्तारण करने के निर्देश दिए।