कोर्ट ने 6 अक्तूबर तक बढ़ाई हिरासत अवधि
मुंबई। ड्रग्स केस में गिरफ्तार अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती अभी जेल से बाहर नहीं आ पाएंगे। अदालत द्वारा हिरासत अवधि बढ़ाए जाने के कारण उन्हें 6 अक्तूबर तक सलाखों के पीछे रहना पड़ेगा। उधर, रिया और उनके भाई शोविक चक्रवर्ती ने बॉम्बे हाईकोर्ट में जमानत अर्जी दी है। जिस पर 23 सितम्बर को सुनवाई होने की उम्मीद है। बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत केस में ड्रग्स से जुड़े प्रकरण में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने रिया चक्रवर्ती को गिरफ्तार किया था। फिलहाल वह जेल में हैं। निचली अदालत से उन्हें कोई राहत नहीं मिल पाई है। रिया और शोविक चक्रवर्ती की न्यायिक हिरासत मंगलवार को समाप्त हो रही थी। ऐसे में कोर्ट ने हिरासब अवधि 6 अक्तूबर तक बढ़ा दी हैं। यानि रिया को अब 6 अक्तूबर तक जेल में रहना होगा। रिया व शोविक ने बॉम्बे हाईकोर्ट में जमानत याचिका दी है। जिस पर हाईकोर्ट में 23 सितंबर को सुनवाई होने की संभावना है। यह जानकारी रिया के अधिवक्ता सतीश मानशिंदे ने दी। सनद रहे कि ड्रग्स मामले में एनसीबी ने दर्जनभर से ज्यादा आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि सुशांत सिंह के लिए रिया व शोविक ड्रग्स की खरीदारी करते थे। उधर, एनसीबी के एक सीनियर अधिकारी ने बताया कि मादक पदार्थ से जुड़े मामले की जांच के संबंध में अभिनेत्री सारा अली खान, रकुल प्रीत सिंह और फैशन डिजाइनर सिमोन खंबाटा को पूछताछ के लिए जल्द तलब किया जा सकता है। अभिनेत्री रकुल प्रीत सिंह ने हाल ही में दिल्ली उच्च न्यायालय का रूख किया था। उन्होंने रिया चक्रवर्ती मादक पदार्थ मामले से उन्हें जोडऩे वाली मीडिया की खबरों पर रोक लगाने की मांग की थी। बता दें कि बॉलीवुड में ड्रग्स की खरीद-फरोख्त एवं सेवन के मामले में कई सेलिब्रेट एनसीबी की रडार पर हैं।
















