डरा रहे आंकड़े, टूटती क्यूं नहीं कोरोना वायरस की चेन?

-पिछले 24 घंटे में रिकॉर्ड 75 हजार से ज्यादा मरीज
-एक्टिव केस में दुनियाभर में दूसरे नंबर पर पहुंचा भारत

उदय भूमि ब्यूरो
नई दिल्ली। देश में कोविड-19 (कोरोना वायरस) की चेन टूटती नजर नहीं आ रही है। कोविड टेस्ट बढऩे के साथ संक्रमित मरीजों का आंकड़ा भी तेजी से बढ़ रहा है। भारत में पॉजिटिव केस 33 लाख से अधिक हो गए हैं। पिछले 24 घंटे में रिकॉर्ड 75 हजार से ज्यादा केस सामने आए हैं। कोरोना के एक्टिव केस के मामले में ब्राजील को पीछे छोड़कर भारत दूसरे नंबर पर पहुंच गया है। यानि हालात अभी तक काबू में नहीं आ पाए हैं। देश में मार्च के बाद से कोरोना वायरस की रफ्तार बढ़ रही है। कोई भी राज्य आज इस महामारी से बचा नहीं है। केंद्र एवं राज्य सरकार की तमाम कोशिशों के बावजूद कोरोना केस में निरंतर वृद्धि हो रही है। चिंता की बात यह है कि पिछले 24 घंटे में अब तक के सर्वाधिक 75 हजार से ज्यादा पॉजिटिव केस आए हैं। इसके चलते देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 33 लाख का आंकड़ा भी पार कर गई है। फिलहाल 7,25,991 एक्टिव केस हैं। 25,23,772 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। भारत में साठ हजार से अधिक नागरिकों की मौत कोरोना से हो चुकी है। वहीं, एक्टिव की संख्या में वृद्धि होने से भारत ने ब्राजील को भी पीछे छोड़ दिया है। भारत में कोरोना के 7 लाख 25 हजार 99 एक्टिव केस हैं, जबकि ब्राजील में यह संख्या 6 लाख 95 हजार से ज्याादा है। एक्टिव केस के मामले में अमेरिका पहले नंबर पर है। वहां सबसे ज्यादा 25 लाख 2 हजार 851 एक्टिव केस हैं। भारत में सर्वाधिक एक्टिव केस महाराष्ट्र में हैं। वहां डेढ़ लाख से ज्यादा संक्रमितों का उपचार चल रहा है। इसके बाद दूसरे नंबर पर तमिलनाडु और तीसरे नंबर पर दिल्ली है। भारत में अनलॉक के दरम्यान कोरोना के प्रति लापरवाही बरते जाने की वजह से कोरोना केस में एकाएक उछाल देखने को मिला है।