झटका : रैना व भज्जी को 13 करोड़ का नुकसान

अनुबंध भी समाप्त करने की तैयारी में सीएसके

दुबई। बल्लेबाज सुरेश रैना और गेंदबाज हरभजन सिंह के सितारे गर्दिश में दिखाई दे रहे हैं। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 13वें सीजन से बाहर होने के बाद दोनों खिलाडिय़ों को एक और झटका लगने जा रहा है। चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) इन खिलाडिय़ों के साथ हमेशा के लिए संबंध तोडऩे जा रही है। टीम प्रबंधन दोनों के अनुबंध खत्म करने की तैयारी में है। मौजूदा आईपीएल न खेलने के कारण हरभजन को 2 करोड़ और रैना को 11 करोड़ का नुकसान उठाना पड़ा है। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का 13वां सीजन इस बार संयुक्त अरब अमीरात में आयोजित किया गया है। कोरोना संक्रमण को देखकर यह निर्णय लिया गया था। 10 नवंबर को आईपीएल का खिताबी मुकाबला होना है। यह सीजन कुछ कारणों से हमेशा याद किया जाएगा। चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) को इस बार बल्लेबाज सुरेश रैना और गेंदबाज हरभजन सिंह का साथ नहीं मिला है। टीम को विवादित हालत में दोनों खिलाडिय़ों को खोना पड़ा है। अब कुछ रिपोर्ट में दावा किया गया है कि सीएसके टीम प्रबंधक ने रैना और हरभजन के साथ नाता न जोड़े रखने का फैसला कर लिया है। यानी टीम प्रबंधन दोनों के अनुबंध को खत्म करने जा रहा है। रिपोर्ट में दावा है कि आईपीएल फ्रेंचाइजी ने अपनी ऑफिशियल वेबसाइट से दोनों क्रिकेटरों का नाम हटा दिया है। इसके अलावा नियमों के हिसाब से दोनों का अनुबंध खत्म करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। आईपीएल नीलामी की गाइड लाइंस के हिसाब से 2018 सीजन से पहले हरभजन और रैना के साथ सीएसके ने 3 साल का अनुबंध किया था। यह अनुबंध आईपीएल-2020 सीजन समाप्त होने के साथ पूरा हो जाएगा। सीएसके ने रैना के साथ 11 करोड़ रुपए प्रति सीजन और पूर्व भारतीय स्पिनर हरभजन के साथ 2 करोड़ रुपए प्रति सीजन की डील साइन की थी। चालू सीजन से बाहर होने के कारण उन्हें टीम द्वारा फीस के तौर पर कोई रकम नहीं दी जाएगी।