अखिलेश यादव को झटका, मुलायम सिंह की बहू अपर्णा यादव ने भाजपा ज्वाइन की

नई दिल्ली। अति आत्मविश्वास से भरे अखिलेश यादव को एक और झटका लगा है। मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू अपर्णा यादव ने भाजपा का दामन थामकर सपा को चोट दे डाली है। अपर्णा यादव ने बुधवार को भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। भाजपा ज्वाइन करने के बाद उन्होंने प्रतिक्रिया भी दी। इस बीच अखिलेश का बयान भी सामने आया है। बदले घटनाक्रम से साफ है कि भाजपा ने यादव घराने में सेंधमारी कर दी है। उप्र में विधान सभा चुनाव की सरगर्मी जोरों पर हैं। ऐसे में राजनीतिक दलों में तोड़-फोड़ का सिलसिला भी जोरों पर चल रहा है।

अपर्णा यादव ने भाजपा ज्वाइन कर सपा को बड़ा झटका दे दिया है। यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, प्रदेशाध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और पार्टी के मीडिया विभाग के प्रभारी अनिल बलूनी की मौजूदगी में अपर्णा ने भाजपा का दामन थाम लिया। अपर्णा यादव मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव के छोटे भाई प्रतीक यादव की पत्नी हैं। भाजपा ने अपर्णा के पार्टी में शामिल होने का स्वागत किया है। भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने के बाद उन्होंने बयान भी दिया।

अपर्णा यादव ने कहा कि मैं हमेशा से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से प्रेरित रही हूं। मैं अब देश के लिए बेहतर करना चाहती हूं। मैं हमेशा भाजपा की योजनाओं से काफी प्रभावित रही हूं। मैं पार्टी में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करूंगी। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि हमें यह कहते हुए खुशी हो रही है कि मुलायम सिंह यादव की बहू होने के बावजूद उन्होंने (अपर्णा ने) अक्सर भाजपा के काम की सराहना की है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव अपने परिवार में ही सफल नहीं हैं। मुख्यमंत्री के रूप में भी वह असफल रहे हैं। बता दें कि पिछले कुछ दिनों से अपर्णा यादव के भाजपा में आने की अटकलें लगाई जा रही थीं।