बिहार में हड़कंप : संदिग्ध वस्तु से बम धमाका, मां-बेटा घायल

-औरंगाबाद की घटना, जांच-पड़ताल में जुटी पुलिस

उदय भूमि ब्यूरो
औरंगाबाद। बिहार के औरंगाबाद जनपद में मंगलवार की सुबह बम विस्फोट की घटना से हड़कंप मच गया। ऐसे में मां-बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए नजदीक के निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया है। तीव्र धमाके की आवाज सुनकर आस-पास के नागरिक सहम गए। बाद में मौके पर भीड़ जुट गई। सूचना पाकर पुलिस ने घटनास्थल पर जाकर छानबीन की। विभिन्न बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच चल रही है। पुलिस के मुताबिक जनपद औरंगाबाद के ओबरा प्रखंड के भरुब गांव में यह घटना प्रकाश में आई है। सुबह के समय अचानक बम धमाका होने से महिला सीता कुंवर और उनका पुत्र संतोष कुमार घायल हो गए। ग्रामीणों का कहना है कि महिला सीता अपने घर के बाहर से जलावन लाने गयी थी। वहां उसे कोई गोल नुमा वस्तु दिखाई दी। महिला ने यह वस्तु उठाकर अपने पुत्र संतोष कुमार को दे दी। संतोष द्वारा बॉक्स खोलने पर उसमें रखा बम एकाएक ब्लास्ट कर गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल सीता व संतोष को आनन-फानन में दाउद नगर के निजी क्लीनिक ले जाया गया। जहां दोनों का इलाज चल रहा है। घटना के बाद से पीडि़त मां-बेटा सदमें में हैं। उधर, घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर छानबीन की। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर विस्फोटक वस्तु वहां कैसे आई। इसमें किसी की कोई साजिश तो नहीं है। एसडीपीओ राजकुमार तिवारी का कहना है कि पुलिस पूरे प्रकरण की जांच-पड़ताल में जुटी है। जल्द कोई निष्कर्ष सामने आने की उम्मीद है। घटना से भरुब गांव में दशहत का माहौल कायम है।