चंद्रयान-3 की सफलता पर तरुण मिश्र ने इसरो चीफ सोमनाथ को दी बधाई देवघर में की विशेष पूजा अर्चना

 अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा के पूर्व राष्ट्रीय महामंत्री ने कहा साउथ पोल पर चंद्रयान की लैंडिंग कराकर भारत ने रचा इतिहास

उदय भूमि संवाददाता
बैद्यनाथ धाम (देवघर)। मिशन चंद्रयान-3 की सफलता पर भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के चीफ डॉ. सोमनाथ को बधाई देते हुए अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा के पूर्व राष्ट्रीय महामंत्री एवं ब्राह्मण सेवक तरुण मिश्र ने कहा कि आज भारतीय वैज्ञानिकों ने इतिहास रच दिया है। बुधवार 23 अगस्त 2023 का दिन सभी भारतवासियों के लिए गर्व का क्षण है। देशवासियों को खुशी से झूमने और गौरवान्वित करने वाले इस क्षण के लिए मैं इसरो चीफ डॉ. सोमनाथ सहित मिशन चंद्रयान और अंतरिक्ष परियोजनाओं से जुड़े समस्त वैज्ञानिकों को नमन करता हूं।

वैज्ञानिकों ने अपने कठिन परिश्रम से एक दुरूह मिशन को सफल बनाया। चांद पर भारत ने आज सफलता के झंडे गाड़ कर पूरे विश्व में भारत को अपनी शक्ति का लोहा मनवाया है। चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के लिए तरुण मिश्र ने बुधवार दिन में भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंग में से एक बाबा बैद्यनाथ धाम ज्योतिर्लिंग में विशेष पूजा अर्चना की। बाबा बैद्यनाथ की बेलपत्र और पुष्प से विशेष पूजा कर मिशन चंद्रयान की सफलता की कामना की। झारखंड के देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ को लेकर मान्यता है कि यहां जो भक्त सच्चे मन से भगवान शिव का अभिषेक करता है उसकी मनोकामनाएं अवश्य पूर्ण होती है। चांद के दक्षिणी ध्रुव पर चंद्रयान सफल लैंडिंग की सूचना मिलने के बाद तरुण मिश्र ने बाबा बैद्यनाथ धाम मंदिर के मुख्य प्रबंधक श्री रमेश परिहस्त से मुलाकात की और भारत की सफलता को लेकर शुभकामनाएं दी। दोनों ने खुशी के इस पल को साझा करते हुए एक दूसरे का अभिवादन किया।

रमेश परिहस्त ने कहा कि भारत विश्व गुरु था और वह अपनी विश्व गुरु की पदवी को फिर से हासिल कर रहा है। देवघर में पत्रकारों से बातचीत में तरुण मिश्र ने कहा कि बाबा बैद्यनाथ के आर्शिवाद से सब कुछ अच्छा हुआ है। ब्राह्मण कल्याण बोर्ड के गठन और ब्राह्मणों के हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर तरुण मिश्र ने कहा कि ब्राह्मणों को लेकर जो मुहिम चलाई जा रही है उसका असर दिखाई देगा। ब्राह्मण समाज देश को दिशा दिखाने वाला है और आज उसको मदद की जरूरत है। उम्मीद है कि सभी राज्यों में ब्राह्मण कल्याण बोर्ड का गठन जल्द होगा।