मुख्य अभियंता से अभद्रता पर कर्मचारी संघ भड़का, आंदोलन की चेतावनी दी। कर्मचारी संघ के महामंत्री नितिन भारद्वाज ने इस संदर्भ में नगरायुक्त को पत्र भेजकर नाराजगी जाहिर की है। पत्र में कहा गया है कि कर्मचारी संघ पार्षद के कृत्य की घोर निंदा करता है। कर्मचारी संघ ने पार्षद के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है। ऐसा न होने पर नगर निगम मुख्यालय और सभी जोनल कार्यालयों में कामकाज ठप कराकर आंदोलन छेड़ने की चेतावनी दी गई है।
गाजियाबाद। सत्ता के नशे में चूर होकर भाजपा पार्षद द्वारा नगर निगम के मुख्य अभियंता (निर्माण) एनके चौधरी के साथ बदसलूकी करने का मामला तूल पकड़ता दिखाई दे रहा है। पार्षद की धींगामुश्ती के खिलाफ अब नगर निगम कर्मचारी संघ ने पुरजोर तरीके से आवाज उठाई है। कर्मचारी संघ ने नगरायुक्त को पत्र भेजकर इस प्रकरण में आवश्यक कदम उठाने की अपील की है। ऐसा न होने पर नगर निगम मुख्यालय और सभी जोनल कार्यालयों में कामकाज ठप कराकर आंदोलन करने की चेतावनी दी गई है।
पार्षद को सबक सिखाने के लिए कर्मचारी लामबंद होने लगे हैं। सत्ता पक्ष के पार्षदों की मनमानी के मामले आए दिन सामने आ रहे हैं। इसके बावजूद पार्टी की तरफ से कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। मुख्य अभियंता (निर्माण) एनके चौधरी से उलझने पर भाजपा पार्षद विरेंद्र त्यागी विवादों में घिर गए हैं। पार्षद त्यागी ने 17 अगस्त को नगर निगम पहुंचकर मुख्य अभियंता पर अनावश्यक दबाव बनाकर फाइल पर हस्ताक्षर कराने की कोशिश की। मुख्य अभियंता ने दवाब में आने की बजाए नियमानुसार कार्रवाई करने की बात कही। इस पर पार्षद ने आपा खोकर उनके साथ अमर्यादित व्यवहार किया। इस बीच मौके पर विभाग के अनेक कर्मचारी एकत्र हो गए। मामला और ज्यादा बिगड़ पाता, इसके पहले मुख्य अभियंता ने कर्मचारियों को शांत करा दिया। बाद में उन्होंने नगरायुक्त को पूरे प्रकरण से अवगत कराया। पार्षद के खराब रवैये से आहत मुख्य अभियंता चौधरी ने ऐसे माहौल में काम करने से इंकार कर अवकाश पर जाने का निर्णय लिया।
उधर, यह मसला शांत होता दिखाई नहीं पड़ रहा है। भाजपा पार्षद विरेंद्र त्यागी के विरोध और मुख्य अभियंता एनके चौधरी के समर्थन में नगर निगम कर्मचारी संघ उतर आया है। कर्मचारी संघ के महामंत्री नितिन भारद्वाज ने इस संदर्भ में नगरायुक्त को पत्र भेजकर नाराजगी जाहिर की है। पत्र में कहा गया है कि कर्मचारी संघ पार्षद के कृत्य की घोर निंदा करता है। कर्मचारी संघ ने पार्षद के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है। ऐसा न होने पर नगर निगम मुख्यालय और सभी जोनल कार्यालयों में कामकाज ठप कराकर आंदोलन छेड़ने की चेतावनी दी गई है। संगठन का साफ कहना है कि विभाग के किसी अधिकारी के साथ इस प्रकार के कृत्य को कतई बरदाश्त नहीं किया जाएगा। बता दें कि इसके पहले भी भाजपा पार्षदों के विवाद सामने आ चुके हैं, मगर पार्टी के जिम्मेदारी अधिकारी कोई एक्शन नहीं ले पाए हैं। इससे भाजपा की छवि को पलीता लग रहा है।

















