गाजियाबाद। स्वतंत्र दिवस ड्राई डे रहने पर जहां जनपद की सभी शराब की दुकानें आबकारी विभाग की निगरानी में बंद थी तो वहीं अपनी कमाई के लिए एक दिन पहले ही शराब तस्करों ने दुकानों से शराब खरीद कर अपना स्टॉक रख लिया। जिससे ड्राई डे पर शौकीनों से कमाई कर उनकी प्यास को बुझाया जा सकें। आबकारी विभाग की टीम ने ऐसे ही दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। जो ड्राई डे से एक दिन पहले शराब का स्टॉक कर ड्राई डे के दिन बेच रहे थे। स्वतंत्रता दिवस पर भले ही जनपद की सभी शराब की दुकानें बंद थी, मगर उसके बाद भी जिले की आबकारी विभाग की टीम शराब तस्करी करने वाले तस्करों पर अपनी नजर बनाए हुए थे।
जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार प्रथम ने बताया स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में जनपद की सभी शराब की दुकानें पूर्ण रूप से बंद थी। दुकानों की निगरानी रखने के लिए आबकारी निरीक्षकों को लगातार निरीक्षण करने के निर्देश दिए हुए थे। साथ ही चोरी-छिपे शराब तस्करी करने वालों पर भी निगरानी रखी जा रही है। आबकारी निरीक्षक हिम्मत सिंह की टीम द्वारा थाना-इन्दिरापुरम अन्तर्गत स्वर्ण जयंती पार्क के पास दबिश दी गई। दबिश के दौरान अवैध रुप से चोरी छिपे शराब तस्करी कर रहे राजेश पुत्र मनीराम निवासी-शक्ति खंड 3 इंदिरापुरम को गिरफ्तार किया गया। जिसके कब्जे से यूपी मार्का की 102 पौवा मिस इंडिया ब्रांड की देशी शराब, 84 पौव्वा रसीली अंगूरी ब्रांड की देशी शराब यूपी मार्का और व्हाइट एंड ब्लू ब्रांड के 8 अद्धे दिल्ली मार्का बरामद किया गया।
पकड़ा गया तस्कर यूपी और दिल्ली शराब की तस्करी कर रहा था। तस्करी के लिए एक दिन पहले ही 14 अगस्त को शराब का स्टॉक कर लिया था। ड्राई डे पर दुकानें बंद होने के चलते उसी शराब को दो से तीन गुने अधिक दाम में बेच रहा था। अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की टीम लगातार कार्रवाई कर रही है। त्योहार हो या फिर चुनाव इन सबसे दूर होकर प्रतिदिन लगातार कार्रवाई की जा रही है। वहीं आबकारी निरीक्षक अभय दीप सिंह की टीम द्वारा थाना नंदग्राम में दबिश दी गई। जहां पर अवैध रुप से शराब तस्करी कर रहे नरेश पुत्र स्व.भैयालाल निवासी नन्दग्राम को गिरफ्तार किया गया। जिसके कब्जे से 42 पौवा मिस इंडिया ब्रांड यूपी मार्का बरामद किया गया। पकड़े गए तस्करों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए जेल भेजा गया। अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
















