वैक्सीनेशन : पीएम मोदी के बर्थ-डे पर अनोखा रिकॉर्ड

भाजपा ने दिखाया दम, एक करोड़ लोगों को लगी डोज

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का शुक्रवार को जन्मदिन है। पीएम मोदी को उनके बर्थ-डे पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने सबसे अलग गिफ्ट दिया है। कार्यकर्ताओं ने कोविड-19 के खिलाफ वैक्सीनेशन मुहिम को सफल बनाने के लिए जुदा कदम उठाया है। ऐसे में देशभर में विशेष अभियान के तहत रिकॉर्ड संख्या में नागरिकों को वैक्सीनेशन लेने को प्रेरित किया गया है। इसके चलते दोपहर डेढ़ बजे तक एक करोड़ से अधिक नागरिकों को डोज दी गई।

भाजपा कार्यकर्ता शुक्रवार की सुबह से नागरिकों को कोविड-19 रोधी टीके के लिए प्रेरित करते दिखाई दिए। भाजपा ने विशेष अभियान के अंतर्गत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर देशभर में 2 करोड़ नागरिकों को वैक्सीन दिलाने का लक्ष्य रखा है। भाजपा कार्यकर्ताओं की इस मुहिम के सकारात्मक परिणाम भी सामने आए हैं। दोपहर 1 बजकर 35 मिनट तक एक करोड़ से ज्यादा नागरिकों को कोरोना रोधी डोज लग चुकी थी। दुनियाभर में भारत वैक्सीन की सर्वाधिक सिंगल डोज लगाने वाला देश बन गया है। करीब 62 फीसदी से अधिक वयस्क आबादी को वैक्सीन की कम से कम सिंगल डोज दी जा चुकी है।

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक भारत में अब तक कोरोना वैक्सीन की 77 करोड़ 24 लाख 25 हजार 744 डोज लग चुकी हैं। देशभर में 58 करोड़ 26 लाख 6 हजार 905 नागरिक कम से कम एक डोज ले चुके हैं, जबकि 18 करोड़ 98 लाख 18 हजार 839 नागरिकों को दोनों डोज लगाई जा चुकी हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने बताया था कि भारत की 20 प्रतिशत वयस्क आबादी को कोविड वैक्सीन की दोनों खुराक लग गई है तथा 62 प्रतिशत को कम से कम एक खुराक लग गई है। इसके अलावा 99 प्रतिशत स्वास्थ्य कर्मचारियों को पहली खुराक मिल चुकी है।