केंद्रीय मंत्री ने किम जोंग उन से की ममता सरकार की तुलना
-मुख्यमंत्री बनर्जी ने केंद्र सरकार को ठहराया तानाशाह
नई दिल्ली। किसान बिल पर रार थम नहीं रही है। सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी जुबानी जंग चल रही है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा केंद्र सरकार को तानाशाह करार दिए जाने के बाद केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने पलवटार करने में देरी नहीं की। केंद्रीय मंत्री ने बनर्जी सरकार की तुलना सनकी तानाशाह किम जोंग उन की सरकार से कर दी। किसान बिल पर विपक्षी दलों ने त्यौरियां चढ़ा रखी हैं। केंद्र सरकार के खिलाफ विपक्षी दल के नेता प्रतिदिन बयानबाजी कर रहे हैं। बयानबाजी में अक्सर मर्यादा की लक्ष्मण रेखा भी क्रॉस कर दी जाती है। किसान बिल के विरोध से खफा केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने विरोधियों को अर्बन नक्सल तक कहा डाला है। उन्होंने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सरकार की तुलना नार्थ कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन की सरकार से कर दी। दरअसल ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार को तानाशाह कह दिया था। उधर, ममता बनर्जी ने कहा कि किसान हितों के लिए संघर्षरत 8 सांसदों का निलंबन दुर्भाग्यपूर्ण है। यह निरंकुश सरकार की मानसिकता को दर्शाता है, जो लोकतांत्रिक मानदंडों और सिद्धांतों का सम्मान नहीं करता है। हम संसद और सड़कों पर इस फासीवादी सरकार से संघर्ष करेंगे। उधर, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि किसान बिल पर विरोधियों की हालत अर्बन नक्सल जैसी हो गई है। चूंकि नक्सली भी कानून को नहीं मानते हैं। वहीं, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किसान बिल का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों द्वारा किसान बिल को लेकर देश की जनता को भ्रमित किया जा रहा है। यह किसानों के लाभ का बिल है। किसान पूरे देश में जहां चाहे अपना सामान बेच सकते हैं। उन पर किसी प्रकार की कोई पाबंदी नहीं होगी।
















