भू-माफिया के खिलाफ नोएडा प्राधिकरण सख्त
नोएडा। अवैध निर्माण के खिलाफ नोएडा प्राधिकरण ने सख्त रूख अपना रखा है। इसके चलते अवैध निर्माणकर्ताओं में खलबली मची हुई है। नोएडा प्राधिकरण ने बुधवार को भंगेल-बेगमपुर गांव में निर्माणाधीन 6 मंजिला इमारत को सील कर दिया। इस बीच विभागीय टीम को जन-विरोध का सामना करना पड़ा। हालाकि पुलिस ने विरोध को ज्यादा नहीं बढ़ने दिया। शहर में सरकारी भूमि पर हमेशा भू-माफिया की नजर टिकी रहती है। नोएडा प्राधिकरण मुताबिक भंगेल बेगमपुर गांव के खसरा नंबर-176, 177, 178 व 189 में 6 मंजिला बहुमंजिला इमारत का निर्माण कराया जा रहा था। इस निर्माण को बंद कराने को नोटिस जारी किए गए थे। संबंधित कोतवाली में प्राधिकरण ने इस प्रकरण में लिखित शिकायत तक की थी। इसके बावजूद नोटिस को नजरअंदाज कर संबंधित व्यक्ति निर्माण कार्य करा रहे थे। इसकी जानकारी मिलने पर नोएडा प्राधिकरण की टीम बुधवार को भंगेल गांव में पहुंची। वहां इस इमारत को सील कर दिया गया। संबंधित भूमि की कीमत करीब 9 करोड़ रुपए है। ऐसे में कुछ नागरिकों ने विरोध कर कार्रवाई में अड़चन पैदा करने की कोशिश भी की, मगर पुलिस ने उन्हें खदेड़ दिया। उधर, नोएडा प्राधिकरण की मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) रितु माहेश्वरी ने नागरिकों को आगाह किया है कि वह नोएडा के अधिसूचित क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अवैध व अनाधिकृत निर्माण न करें। अधिसूचित क्षेत्र में अनाधिकृत कॉलोनियों के कारोबार में शामिल भू-माफिया के शिकार न बनें। ऐसी भूमि पर कराया गया निर्माण अवैध माना जाएगा, जिसे प्राधिकरण द्वारा ध्वस्त करा जाएगा। बता दें कि लॉक डाउन के दौरान शहर के कुछ हिस्सों में भू-माफिया ने मौके का फायदा उठाकर भूमि कब्जाने की हरसंभव कोशिश की थी।
















