भूमि विवाद में अधिवक्ता की हत्या, रिश्तेदार फरार

नोएडा। जनपद गौतमबुद्ध नगर में अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद एकाएक सनसनी फैल गई। सूचना पाकर पुलिस ने मौके पर जाकर जांच-पड़ताल की। तदुपरांत शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। वारदात के पीछे भूमि विवाद का कारण सामने आया है। पुलिस का कहना है कि विभिन्न बिंदुओं पर जांच की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक फेस-2 कोतवाली क्षेत्र के इलाहाबांस गांव में सोमवार की रात यह घटना घटी। अधिवक्ता निशांत बेनीवाल इलाहाबांस गांव में सपरिवार रहते थे। वह सूरजपुर कोर्ट में प्रैक्टिस करते थे। पुलिस ने बताया कि गत रात करीब साढ़े 9 बजे निशांत घर पर थे। इस बीच पड़ोस में रह रहे एक रिश्तेदार ने अचानक निशांत को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल निशांत को आान-फानन में नजदीक के निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

डीसीपी सेंट्रल नोएडा हरीश चंदर का कहना है कि अस्पताल प्रबंधन की तरफ से सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस जांच में पता चला है कि निशांत बेनीवाल का परिवार में भूमि को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच-पड़ताल कर रही है। वारदात का खुलासा करने को 4 टीमें गठित की गई हैं। पुलिस का कहना है कि हत्यारोपी की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। आरोपी को जल्द दबोच लिया जाएगा।