ऑस्ट्रिया की कंपनी के साथ किया करार

ग्रेटर नोएडा। शोध विद्यार्थियों को नवीतम जानकारी और तकनीकी से रूबरू कराने के लिए शारदा विश्वविद्यालय ने ऑस्ट्रिया की कंपनी से एमओयू साइन किया है। इस कंपनी ने विद्यार्थियों को आधुनिक मशीनों पर काम करने का मौका दिया। छात्रों ने कहा कि उन्हें नई जानकारियां मिलीं। स्कूल आफ बेसिक साइंस एंड रिसर्च की असिसटेंट प्रोफेसर डॉ. रिचा तोमर ने बताया कि भौतिक विज्ञान एवं रसायन विज्ञान विभाग में शोध कर रहे विद्यार्थियों को बेहतर माहौल देने का प्रयास किया जा रहा है। विभाग के एचओडी डॉ. विनय कुमार वर्मा और कॉलेज के डीन प्रो. एसके बनर्जी ने ऑस्ट्रिया  की कंपनी से संपर्क किया। इस कंपनी के अधिकारियों ने विवि का दौरा किया और आधुनिक मशीनों पर स्कॉलरों को काम करने का अवसर प्रदान किया। कॉलेज के डीन प्रो. बनर्जी ने बताया कि छात्र जल्द कंपनी के कार्यालय में जाकर अन्य बारीकियां भी सीखेंगे।

राष्ट्रीय सेवा पखवाड़ा का समापन
ग्रेटर नोएडा। गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में आयोजित 15 दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के राष्ट्रीय सेवा पखवाड़ा का रविवार को समापन हो गया। समापन सत्र में मुख्य अतिथि क्षेत्रीय निदेशक (एनएसएस) डॉ. अशोक कुमार श्रोती रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. मनमोहन सिंह शिशौदिया ने की। कार्यक्रम में अतिथि के रूप में अधिष्ठाता विधि विभाग डॉ. कृष्णकांत दिवेदी की उपस्थिति ने कार्यक्रम को सफल बनाया। कार्यक्रम की शुरुआत एनएसएस स्वयंसेविका नंदनी और अरीबा ने सरस्वती वंदना की प्रस्तुति से की। विश्वविद्यालय के कार्यक्रम समन्वयक डॉ. सुशील कुमार ने अतिथियों का स्वागत किया। 15 दिवसीय राष्ट्रीय सेवा पखवाड़ा के संयोजक एवं एनएसएस के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. प्रकाश चंद्र दिलारे ने पखवाड़ा के विषय में बताया कि इस पखवाड़ा की शुरुआत 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस से हुई, जिसे 2 भागों में पूरा किया गया।