एयरपोर्ट प्रोजेक्ट : विस्थापित किसानों को 8 दिन में मिलेगी राहत

जेवर तहसील में बैठक, विधायक और डीएम ने दिए अफसरों को निर्देश

ग्रेटर नोएडा। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) प्रोजेक्ट के विस्थापित किसानों की समस्याओं का समाधान जल्द हो जाएगा। किसानों की समस्याएं 8 दिन के भीतर दूर की जाएंगी। जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने संबंधित अधिकारियों को इस बावत दिशा-निर्देश दिए हैं। विस्थापित किसानों की समस्याओं को लेकर गुरुवार को जेवर तहसील में बैठक आयोजित की गई। इस दौरान एयरपोर्ट प्रोजेक्ट की जद में आए किसान परिवारों के विस्थापन स्थल पर बिजली-पानी, मुआवजा धनराशि आदि का मुद्दा उठा।

जिलाधिकारी सुहास एलवाई ने इन समस्याओं के निदान का भरोसा दिया है। समस्याओं का समाधान होने तक कर्मचारी तहसील परिसर में किसानों की समस्याओं को सुनेंगे। जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने अधिकारियों को 8 कार्यदिवस में समस्याओं का निदान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। जेवर तहसील में आहूत बैठक में डीएम सुहास एलवाई, यमुना प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) डॉ. अरुण वीर सिंह, विशेष कार्याधिकारी (ओएसडी) शैलेंद्र भाटिया आदि मौजूद रहे। इस दौरान किसानों ने मुख्य रूप से विस्थापन स्थल में बिजली-पानी व मुआवजा धनराशि आदि न मिल पाने की परेशानी को रखा।

जिलाधिकारी ने सभी समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि किसानों की सुविधाओं के लिए एडीएम (भूमि अध्याप्ति) कार्यालय के कर्मचारी, तहसील के कर्मचारी तथा विद्युत विभाग के कर्मचारी जेवर तहसील में समस्याओं का समाधान होने तक किसानों की समस्याएं सुनेंगे। विधायक धीरेंद्र सिंह ने कहा कि जेवर के किसान इतिहास में याद रखे जाएंगे। उन्होंने दुनिया के बेहतरीन प्रोजेक्ट को जेवर में बनाए जाने के लिए अपनी भूमि दी है।

उनका यह कृत्य क्षेत्र में आने वाली पीढ़ियों के लिए विकास का एक ऐसा रास्ता बनाएगा, जिस पर चलकर इस क्षेत्र में खुशहाली आएगी। उनका प्रयास रहेगा कि किसानों की समस्याएं उनके साथ बैठकर निस्तारित की जाएं। बैठक में एसडीएम जेवर रजनीकांत मिश्रा, यमुना प्राधिकरण के जीएम केके सिंह आदि भी मौजूद रहे। इसके अलावा रन्हेरा, रोही, नगला छीतर, नगला शरीफ, दयानतपुर खेड़ा व किशोरपुर आदि गांवों के हरविंद्र सिंह, त्रिलोक शर्मा, हंसराज सिंह, दरियाब सिंह, विजय सिंह, शराफत खांन, जफर आलम, संजीव गौड़, कालू सिंह, धीरेंद्र छौंकर, रोहताश सिंह, अबरार मास्टर, निजामुद्दीन खान, रूकमुद्दीन खान, आदि मौजूद रहे।