नोएडा। जनपद गौतमबुद्ध नगर में विधान सभा की तीनों सीट पर भाजपा प्रत्याशियों ने बढ़त बना रखी है। नोएडा सीट से भाजपा प्रत्याशी पंकज सिंह, दादरी सीट से तेजपाल नागर और जेवर से ठाकुर धीरेंद्र सिंह आगे चल रहे हैं। नोएडा और दादरी सीट पर भाजपा प्रत्याशियों ने जबरदस्त बढ़त बनाकर एकतरफा जीत की ओर कदम बढ़ा दिया है। नोएडा विधान सभा सीट पर 20वें राउंड तक भाजपा प्रत्याशी पंकज सिंह को कुल एक लाख 28 हजार 433, सपा प्रत्याशी सुनील चौधरी को 29 हजार 500, बसपा प्रत्याशी कृपाराम शर्मा को 8790 और कांग्रेस प्रत्याशी पंखुड़ी पाठक को 7887 वोट मिल चुके हैं।
जबकि दादरी सीट पर 16वें राउंड तक भाजपा प्रत्याशी तेजपाल नागर को एक लाख 13 हजार 88, बसपा प्रत्याशी मनवीर भाटी को 20869, कांग्रेस प्रत्याशी दीपक भाटी चोटीवाला को 3182 और सपा प्रत्याशी राजकुमार भाटी को 32467 वोट मिले हैं। गौतमबुद्ध नगर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना प्रक्रिया चल रही है। उत्तर प्रदेश में शुक्रवार की सुबह मतगणना प्रक्रिया की शुरुआत हुई थी। सभी 75 जिलों में 403 सीटों पर मतों की गिनती चल रही है। 84 केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद है। यूपी में विधान सभा की कुल 403 सीटें हैं। जिन पर 7 चरण में चुनाव संपन्न कराया गया था।
10 फरवरी से 7 मार्च तक चुनाव प्रक्रिया चली थी। उधर, गाजियाबाद सदर सीट पर भाजपा प्रत्याशी अतुल गर्ग शानदार जीत की ओर अग्रसर नजर आ रहे हैं। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी सपा-रालोद गठबंधन के उम्मीदवार विशाल वर्मा को लगभग 37 हजार मतों से पीछे छोड़ रखा है। ऐसे में इस सीट पर भाजपा की जीत सुनिश्चित मानी जा रही है। 12वें राउंड तक भाजपा प्रत्याशी अतुल गर्ग को कुल 48597, सपा-रालोद गठबंधन के विशाल वर्मा को 11 हजार, बसपा के के.के. शुक्ला को 9907 और कांग्रेस के सुशांत गोयल को सिर्फ 3082 वोट मिल पाए थे। गाजियाबाद जनपद में विधान सभा की सभी 5 सीट पर मतगणना प्रक्रिया जारी है। पांचों सीट पर भाजपा प्रत्याशी आगे चल रहे हैं।
















