होटल में बीसीए छात्र का शव मिलने से हड़कंप
नोएडा। जनपद गौतमबुद्ध नगर में अलग-अलग स्थानों पर बीपीओ कर्मचारी और सिक्योरिटी गार्ड ने खुदकुशी की ली। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रारंभिक छानबीन के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, होटल में बीसीए छात्र का शव मिलने से हड़कंप मच गया। तीनों मामलों की पुलिस द्वारा जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक थाना फेस-3 क्षेत्र के बहलोलपुर गांव में परशुराम यादव (21) रहता था। वह एक बीपीओ में कार्यरत था। पुलिस ने बताया कि परशुराम ने गत रात घर में कथित रूप से पंखे से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस का कहना है कि वह काफी समय से मानसिक रूप से तनाव में था। उधर, सेक्टर-20 थाना क्षेत्र के निठारी गांव निवासी भूपेंद्र मिश्रा (42) पेशे से सिक्योरिटी गार्ड था। मानसिक तनाव के कारण भूपेंद्र ने भी गत रात खुदकुशी कर ली। भूपेंद्र का शव पंखे पर बंधे फंदे पर लटका मिला। पुलिस ने बीपीओ कर्मचारी और सिक्योरिटी गार्ड के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इसके अलावा थाना सेक्टर- 58 क्षेत्र के सेक्टर-55 में स्थित होटल में बीसीए छात्र हर्षित अग्निहोत्री (23) ठहरा था। पुलिस ने बताया कि शुक्रवार की सुबह संदिग्ध अवस्था में हर्षित की मौत हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की। पुलिस का कहना है कि छात्र नशे का आदी था। संभवत: ज्यादा नशा करने के कारण उसकी मौत हुई है। छात्र के शव को पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया गया है। पूरे मामले की जांच चल रही है।
















