ग्रेनो प्राधिकरण की बोर्ड बैठक में मिलेगी बजट को मंजूरी

डिग्री कॉलेज और अंडरपास के प्रस्ताव भी रखे जाएंगे

ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की बहुप्रतिक्षित बोर्ड बैठक मंगलवार को आयोजित की जाएगी। इस बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लगने की उम्मीद है। इनमें डिग्री कॉलेज व अंडरपास का निर्माण जैसे प्रस्ताव भी शामिल हैं। बोर्ड बैठक में मौजूदा वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए लगभग 5 हजार करोड़ के बजट को मंजूरी दी जाएगी। हर बार की तरह इस बार भी शहरी और ग्रामीण विकास पर जोर दिया गया है। ग्रेनो वेस्ट में डिग्री कॉलेज व अंडरपास के बजट का भी प्रावधान किया जाएगा।

ग्रेनो प्राधिकरण की बोर्ड बैठक मंगलवार को सुबह 11 बजे से आरंभ होगी। बैठक की अध्यक्षता चेयरमैन संजीव मित्तल करेंगे। यह बैठक मुख्य रूप से बजट बैठक होगी। इसमें वित्तीय वर्ष 2022-23 का बजट प्रस्तुत किया जाएगा। इस बार बजट 5 करोड़ रुपये का होगा। बजट में ग्रामीण विकास पर जोर दिया गया है। इसके अलावा शहरी विकास के लिए भी पहले से अधिक फंड आवंटित किया गया है। कई और महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लिए बजट का प्रावधान किया गया है। ताकि योजनाओं को पूरा किया जा सके।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के बजट में इस बार ग्रेनो वेस्ट में डिग्री कॉलेज के फंड का भी प्रावधान किया जाएगा। अभी ग्रेनो वेस्ट में कोई डिग्री कॉलेज नहीं है। इसके अलावा गौर चौक पर बनने वाले अंडरपास के बजट का इंतजाम हो जाएगा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण फुटओवर ब्रिज और नए एसटीपी के लिए भी बजट तय देगा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने 3 नए एसटीपी के बनाने का निर्णय लिया है। इसमें एक एसटीपी ग्रेटर नोएडा वेस्ट में बनेगा। इसकी क्षमता 80 एमएलडी की होगी। इससे सीवर व्यवस्था को सुधारने में मदद मिलेगी।