नोएडा प्राधिकरण के उपलब्ध लैंड बैंक से सीईओ असंतुष्ट

समीक्षा बैठक में भूलेख विभाग को दिए जरूरी निर्देश

नोएडा। नोएडा प्राधिकरण की मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) रितु माहेश्वरी ने मंगलवार को समीक्षा बैठक की। बैठक में भूलेख विभाग द्वारा भूमि क्रय कर उपलब्ध कराए गए लैंड बैंक पर सीईओ ने असंतोष व्यक्त किया। विभाग द्वारा लगभग 210 एकड़ भूमि उपलब्ध होने की बात कही गई। जिस पर सीईओ ने अभी तक क्रय एवं उपलब्ध कराई गई भूमि की भौतिक स्थिति व नियोजन का विवरण संयुक्त रूप से तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। बैठक में किसानों के लंबित 5 प्रतिशत आबादी भूखंड एवं समतुल्य धनराशि व आबादी विनियमितीकरण के सभी लंबित प्रार्थना पत्रों पर नियमानुसार यथोचित कार्रवाई कर प्रार्थना पत्रों को 17 जून तक प्रत्येक दशा में निस्तारित किए जाने के सख्त निर्देश दिए गए। वर्तमान में नोएडा प्राधिकरण द्वारा भू-अर्जन एवं लैंड बैंक से संबंधित कार्य के लिए भारत सरकार द्वारा जारी शासनादेशों के अनुरूप मानव श्रम शक्ति आपूर्ति किए जाने का निर्णय लिया गया है। सीईओ ने इस संबंध में सभी औपचारिकताएं 18 जून तक पूर्ण कर लेने के निर्देश दिए हैं। नोएडा के सुनियोजित विकास के लिए लैंड ऑडिट एवं भूमि अर्जित एवं क्रय किए जाने के संबंध में सलाहकार कंपनी नियुक्त किए जाने को तैयार आरएफपी के तहत 10 जून तक टेंडर जारी करने के लिए प्रकाशन कराए जाने के निर्देश दिए गए।