सीईओ की अपील : सफाई कर्मचारी को कूड़ा वाला नहीं, सफाई करने वाला कहें

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट कार्यशाला आयोजित

ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) नरेंद्र भूषण ने कहा कि सफाई कर्मचारी को कूड़ा वाला नहीं बल्कि सफाई करने वाला कहें। वह आपके घर का कूड़ा उठाने आता है। इसलिए उसे भी सम्मानजनक नजरिए से देखें और आदर करें। बल्क वेस्ट जनरेटरों के लिए आयोजित सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट कार्यशाला में सीईओ नरेंद्र भूषण ने ग्रेटर नोएडा के नागरिकों से यह अपील की। ग्रेनो प्राधिकरण के ऑडिटोरियम में यह कार्यशाला कराई गई।

सीईओ भूषण ने कहा कि किचन वेस्ट को इधर-उधर फेंकने की बजाए री-साइकिल कर खाद बनाएं। खाद का उपयोग पौधे व सब्जी उगाने में किया जाए। इससे ग्रेटर नोएडा स्वच्छ और हरा-भरा भी हो सकेगा। उन्होंने कहा कि जिस तरह आप अपनी आमदनी को शिक्षा, स्वास्थ्य, खान-पान, घर इत्यादि पर खर्च करते हैं, उसी प्रकार आमदनी का एक छोटा सा हिस्सा अपने आस-पास की साफ-सफाई व कूड़ा प्रबंधन में भी खर्च करें। जिस सेक्टर या सोसाइटी में रहते हैं, वहां रख-रखाव के लिए तय मासिक शुल्क जरूर दें। उसी रकम से सेक्टर या सोसाइटी का रख-रखाव और साफ-सफाई होगी। घरेलू वेस्ट को कंपोस्ट बनाएं
उन्होंने कहा कि जब आप पॉलीथिन में भरे कूड़े को इधर-उधर फेंक देते हैं, तो उससे न सिर्फ शहर की आबोहवा प्रदूषित होती है, बल्कि वह आने वाली पीढ़ी के लिए बेहद खतरनाक साबित होगी। इससे वायु और जल दोनों प्रदूषित होते हैं। इस पॉलीथिन को मवेशी खा लेते हैं, जिससे उनकी जान भी चली जाती है। सीईओ भूषण ने अपील की कि घरेलू वेस्ट को सेग्रिगेट कर कंपोस्ट बनाएं और उसका प्रयोग प्लांट्स को हरा-भरा बनाने के लिए करें। ग्रेनो प्राधिकरण की सहयोगी संस्था फीडबैक फाउंडेशन ने कार्यशाला में बल्क वेस्ट जनरेटरों को ओरिएंटेशन के जरिए सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट पर तमाम जानकारी दी।

इस मौके पर जनस्वास्थ्य विभाग के प्रभारी डीजीएम सलिल यादव, अर्नेस्ट एंड यंग और फीडबैक फाउंडेशन के प्रतिनिधि भी शामिल रहे। बता दें कि ग्रेटर नोएडा को स्वच्छ बनाने के लिए जन-स्वास्थ्य विभाग ने नई पहल के तहत सभी बल्क वेस्ट जनरेटरों, मसलन हॉस्पिटल, सोसाइटी, शिक्षण संस्थान, उद्योग, वाणिज्यिक प्रतिष्ठान आदि के प्रतिनिधियों को जागरूक करने के लिए कार्यशाला का आयोजन किया। स्वच्छता पर होगी प्रतियोगिता
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पुन: सेक्टरों व सोसाइटियों के मध्य स्वच्छता पर प्रतियोगिता आयोजित करेगा। सीईओ नरेंद्र भूषण ने कार्यशाला में जन-स्वास्थ्य विभाग से स्वच्छता रैंकिंग प्रतियोगिता जल्द कराने के निर्देश दिए। यह प्रतियोगिता इस साल के अंत तक जरूर करा लेने को कहा है। प्रतियोगिता में अव्वल आने वाली सोसाइटी या सेक्टरों को पुरस्कृत भी किया जाएगा।