सामाजिक सुरक्षा कार्यक्रम में नागरिकों को किया गया जागरूक

ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण, चिंतन फाउंडेशन व यूएनडीपी की संयुक्त पहल पर ग्राम रोजा जलालपुर में स्वास्थ्य शिविर सामाजिक सुरक्षा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में झुग्गी बस्ती के नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। उन्हें सॉलिड वेस्ट नियम 2016 के तहत कूड़ा-कचरा के उचित प्रबंधन के प्रति भी जागरूक किया गया। कार्यक्रम में आए नागरिकों को सरकार द्वारा संचालित जन-कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। इसके अलावा ई-श्रम कार्ड, आधार कार्ड और आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए प्रेरित किया गया।

सरकार के जीरो बैलेंस खाता व जन धन खाता के अंतर्गत बैंक खाता खुलवाने के लिए जागरूक किया गया। उन्हें खाता खुलवाने में फाउंडेशन की तरफ से सहयोग का आश्वासन दिया गया। इस शिविर में 60 से अधिक नागरिकों ने हिस्सा लिया। शिविर के आयोजन में प्राधिकरण के अवर अभियंता लवीश शर्मा, सैनिटरी इंस्पेक्टर संजीव बिधूड़ी, भरत भूषण, चिंतन संस्था से सरन जीत कौर एवं फीडबैक फाउंडेशन ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।