गाजियाबाद के भाजपा विधायक को पुलिस ने बैरंग लौटाया

ना रामपुर गांव जा पाए, न जेल में बंद आरोपियों से मुलाकात हुई

ग्रेटर नोएडा। जनपद गौतमबुद्ध नगर में दनकौर तहसील के रामपुर गांव में 2 पक्षों में विवाद के कारण तनाव कायम है। इस बीच भाजपा विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने बुधवार को रामपुर जाने की कोशिश की। यह सूचना मिलने पर सतर्क पुलिस ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। उन्हें गांव में जाने नहीं दिया गया। इसके बाद विधायक गुर्जर लुक्सर जेल पहुंच गए। वहां बंद कुछ आरोपियों से उन्होंने मिलने की इच्छा जाहिर की, मगर कोरोना संक्रमण का हवाला देकर पुलिस और जेल प्रशासन ने उन्हें वहां से भी बैरंग लौटा दिया। उधर, विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने रामपुर विवाद में पुलिस पर एकपक्षीय कार्रवाई करने का आरोप लगाया है। दनकौर कोतवाली क्षेत्र के रामपुर गांव में कुछ दिन पहले 2 पक्ष आपस में भिड़ गए थे। आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद एक पक्ष के सदस्यों ने नजदीकी धार्मिक स्थल में घुसकर तोड़-फोड़ कर दी थी। पुलिस ने इस प्रकरण में 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा दिया। भाजपा से लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर का कहना है कि पुलिस ने इस मामले में एकतरफा कार्रवाई की है। इसके चलते विधायक गुर्जर बुधवार को रामपुर गांव में जाने के लिए निकल पड़े। इस सूचना पर सतर्क पुलिस ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। शांति एवं कानून व्यवस्था का हवाला देकर उन्हें रामपुर गांव में जाने की इजाजत नहीं दी गई। तदुपरांत विधायक ने जेल में बंद आरोपियों से मुलाकात करने की बात कही। वह जेल की ओर रवाना हो गए, मगर कोरोना संक्रमण के कारण जेल प्रशासन और पुलिस ने विधायक को जेल में बंद आरोपियों से भी नहीं मिलने दिया। पुलिस ने विधायक को जेल चौकी पर रोक कर बातचीत की। वहीं, विधायक नंदकिशोर गुर्जर का कहना है कि जब दोनों पक्षों में समझौता हो गया तो एक पक्ष को जेल भेजना गलत है। पुलिस की एकपक्षीय कार्रवाई से ग्रामीण नाराज हैं। विधायक गुर्जर ने जेल में बंद आरोपियों को जल्द रिहा करने की पुरजोर मांग की। पुलिस अधिकारियों न उन्हें इस संबंध में उचित कार्रवाई किए जाने का भरोसा दिलाया। इसके बाद विधायक अपने समर्थकों के साथ वापस लौट गए।