सवा करोड़ से ज्यादा के विकास कार्य शुरू

ग्रेटर नोएडा। यमुना एक्सप्रेस-वे प्राधिकरण क्षेत्र के 3 गांवों में विकास कार्यों की शुरुआत हो गई हैै। कोरोना काल में लॉक डाउन के कारण यह कार्य शुरू नहीं हो पाए थे। यह कार्य पूर्ण होने से ग्रामीणों को काफी लाभ मिल सकेगा। इसी क्रम में जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने विभिन्न गांवों का दौरा किया। उन्होंने 1.32 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का शुभारंभ किया। उन्होंने ग्राम उस्मानपुर का माजरा, उस्मानपुर डेरीन, उस्मानपुर कोठी व ठसराना का दौरा किया। इस दौरान ग्रामीणों की समस्याओं को भी जाना। विधायक ने यमुना प्राधिकरण द्वारा ग्राम उस्मानपुर डेरीन में 32 लाख व उस्मानपुर कोठी में 7 लाख व ठसराना में 92 लाख रुपये से होने वाले विकास कार्यों की शुरूआत की। विधायक धीरेंद्र सिंह ने कहा कि प्रस्तावित विकास कार्य समय से पूर्ण कराए जाएंगे। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखा जाएगा। उधर, यमुना एक्सप्रेस-वे प्राधिकरण के अधिकारियों का कहना है कि प्रस्तावित कार्य होने से ग्रामीणों को काफी राहत मिल सकेगी। संबंधित गांवों के विकास को रफ्तार मिलेगी। गांवों के समुचित विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाएं बढ़ाने की दिशा में काम जारी रहेगा।