पुनर्वास स्थल पर सुविधाएं बढ़ाने को यमुना प्राधिकरण की पहल
ग्रेटर नोएडा। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) के शिलान्यास की तिथि तय होने के बाद यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) की जिम्मेदारी भी बढ़ गई है। शिलान्यास कार्यक्रम से जुड़ी तैयारियां चल पड़ी हैं, मगर इसके पहले जेवर बांगर में विकास कार्य आरंभ कराए जा रहे हैं। जेवर बांगर में नोएडा एयरपोर्ट से प्रभावित परिवारों को बसाया गया है। इन परिवारों को बेहतर सुविधाएं देने को यमुना प्राधिकरण ने प्रयास तेज कर दिए हैं। जेवर बांगर में 2 सामुदायिक केंद्र के अलावा सभी 7 पाकेट में पार्कों का सौंदर्यीकरण किया जाना है।
इसके अतिरिक्त आंगनबाड़ी केंद्र भी खोले जाएंगे। प्रस्तावित कार्य जल्द शुरू होने की उम्मीद है। नोएडा एयरपोर्ट से प्रभावित तीन हजार से ज्यादा परिवारों को जेवर बांगर में बसाया गया है। यमुना प्राधिकरण ने इन परिवारों को 7 पाकेट में भूखंड आवंटित किए हैं। ग्रामीणों ने इन भूखंडों पर आशियाना बनाकर रहना भी आरंभ कर दिया है, मगर कुछ सुविधाओं का पुनर्वास स्थल पर अभी अभाव है। इन्हें पूरा करने की मांग उठ रही है। अलबत्ता नोएडा एयरपोर्ट का शिलान्यास होने से पहले यमुना प्राधिकरण जेवर बांगर में विकास कार्यों का श्रीगणेश करने जा रहा है। सभी 7 पाकेट में पार्कों को विकसित किया जाना है।
इसके अलावा 2 सामुदायिक केंद्र भी बनाए जाएंगे। इसी क्रम में आंगनबाड़ी केंद्रा का भी निर्माण शीघ्र प्रारंभ हो जाएगा। इसकी निविदा प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है। उधर, यमुना प्राधिकरण के विशेष कार्याधिकारी (ओएसडी) शैलेंद्र भाटिया का कहना है कि जेवर बांगर में पुनर्वास स्थल पर सुविधाओं की कमी नहीं होने दी जाएगी। वहां जल्द विकास कार्य शुरू कराए जा रहे हैं। इससे आस-पास के परिवारों को काफी राहत मिल सकेगी।
















