टेंडर में गड़बड़ी, इंजीनियर की संविदा समाप्त

नोएडा प्राधिकरण के 4 अफसरों पर भी लटकी तलवार

नोएडा। नोएडा प्राधिकरण ने चहेती फर्म को लाभ पहुंचाने के प्रकरण में घिरे अवर अभियंता के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। अवर अभियंता खेमचंद की संविदा समाप्त कर दी गई है। इस कार्रवाई से विभाग में एकाएक हड़कंप मच गया है। इस प्रकरण में 4 अफसरों पर पूर्व में कार्रवाई की जा चुकी है।

टेंडर में हेरा-फेरी कर चहेती फर्म को लाभ दिलाने का मामला काफी चर्चाओं में रहा है। विभाग के कुछ अधिकारियों ने अनुचित लाभ के लिए नियमों को ताक पर रख दिया था। इस मामले में अब अवर अभियंता खेमचंद की संविदा समाप्त कर दी गई है। इससे पहले वर्क सर्किल-5 के वरिष्ठ प्रबंधक एच.एस. खप्पा, प्रभारी प्रबंधक मुकेश कुमार, लेखाकार आशा सिंह और प्रदीप कुमार को कार्मिक विभाग से संबद्ध कर दिया गया था। इन पर विभागीय कार्रवाई के लिए नोएडा प्राधिकरण अब उप्र शासन को रिपोर्ट भेजने की तैयारी में। सूत्रों का कहना है कि किसी फर्म को लाभ पहुंचाने हेतु कागजी साक्ष्यों की अनदेखी की गई। ऐसे में शासन स्तर से आरोपियों को सस्पेंड किए जाने की संभावना है। उधर, वर्क सर्किल-5 का जिम्मा वरिष्ठ प्रबंधक राहुल शर्मा को सौंपा गया है। इस सर्किल में सहायक प्रबंधक के पद पर अभी कोई तैनाती नहीं की गई है।

बता दें कि नोएडा सेक्टर-67 की आंतरिक सड़कों पर सीसी पेवर ब्लॉक लगाने के लिए टेंडर प्रक्रिया में 11 कंपनियां सामने आई थीं। वरिष्ठ प्रबंधक व अन्य ने मिलकर इस प्रकरण में 8 फर्म के कागजातों को अधूरा बताकर उन्हें टेंडर प्रक्रिया से बाहर कर दिया। एक ठेकेदार की शिकायत पर सीईओ द्वारा जांच कराए जाने पर 5 फर्म के कागजात सही पाए गए थे।