7 जुलाई को आवासीय भूखंडों का ड्रॉ निकालेगा यमुना प्राधिकरण
ग्रेटर नोएडा। जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के नजदीक आशियाना बसाने के लिए नागरिकों को अब ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। उनका यह ड्रीम जल्द साकार होने की उम्मीद बढ़ गई है। यमुना एक्सप्रेस-वे प्राधिकरण ने आवासीय भूखंडों की योजनाओं का ड्रॉ निकालने की तैयारी पूर्ण कर ली है। यह ड्रॉ 7 जुलाई को निकाला जाएगा। इस योजना में लगभग 22 हजार आवेदन आए हैं। यानि 22 हजार नागरिक एयरपोर्ट के नजदीक सपनों का घर बनाने की चाहत रखते हैं। हालाकि इन सभी का यह सपना पूरा होना संभव नहीं है। यमुना प्राधिकरण ने आवासीय एवं औद्योगिक भूखंडों की योजना काफी समय पहले लॉन्च की थी। इसके अंतर्गत जेवर एयरपोर्ट के निकट आवासीय भूखंड आवंटित किए जाने हैं। आवेदकों को आवासीय एवं औद्योगिक भूखंडों की योजना के ड्रॉ का बेसब्री से इंतजार था। यह इंतजार अब खत्म होने को है। दरअसल औद्योगिक योजना का ड्रॉ 25 जून और आवासीय भूखंडों की योजना का ड्रॉ 7 जुलाई को कराने का निर्णय लिया गया है। जनपद में कोरोना संक्रमण की तेज रफ्तार को देखकर ड्रॉ प्रक्रिया आयोजित करने से यमुना प्राधिकरण कतरा रहा था। जनपद में कोरोना संक्रमण में अब काफी कमी आ गई है। ऐसे में यमुना प्राधिकरण भी एकाएक सक्रिय हो गया है। माना जा रहा है कि 7 जून तक जनपद गौतमबुद्ध नगर में लॉक डाउन हट जाएगा। यमुना प्राधिकरण की औद्योगिक भूखंडों की योजना में 4 हजार वर्ग मीटर से कम के भूखंड हैं। इसमें 4460 आवेदन आए थे। यमुना प्राधिकरण ने पहले इसका ड्रॉ 15 अप्रैल को निकालने की घोषणा की थी। इसके बाद तिथि में बदलाव कर 25 अप्रैल करना पड़ा, मगर कोरोना संक्रमण के कारण ड्रॉ नहीं हो पाया था। इसी प्रकार यमुना प्राधिकरण ने आवासीय भूखंडों की योजना 24 फरवरी को लॉन्च की थी। इस योजना में 60 वर्ग मीटर से लेकर 4 हजार वर्ग मीटर तक के भूखंड हैं। इसमें 440 भूखंड हैं। इसमें कुल 22 हजार आवेदन आए हैं। पहले इसका ड्रॉ 5 मई को निकाला जाना था। अब यह ड्रॉ 7 जुलाई को होगा। इसके लिए जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उधर, यमुना प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ. अरुणवीर सिंह का कहना है कि आवासीय एवं औद्योगिक भूखंडों के लिए ड्रॉ की तैयारी आरंभ हो गई है। औद्योगिक भूखंडों का ड्रॉ 25 जून और आवासीय भूखंडों का ड्रॉ 7 जुलाई को निकाला जाएगा।
















