ग्रेनो प्राधिकरण का असर, खर्च को सार्वजनिक करेगा बिल्डर

बिल्डर प्रतिनिधि और फ्लैट खरीदारों के मध्य वार्ता सफल

ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) नरेंद्र भूषण ने बिल्डर एवं फ्लैट खरीदारों के बीच विवाद को दूर करने के लिए पहल की है। इसके मद्देनजर गुरुवार को निराला ग्रीन शायर और फ्लैट खरीदारों की बैठक हुई। खरीदारों की डिमांड पर सोसाइटी के रख-रखाव के खर्च को सार्वजनिक करने पर बिल्डर राजी हो गया। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के बिल्डर सेल के प्रभारी ओएसडी संतोष कुमार की अध्यक्षता में बोर्ड रूम में ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-2 स्थित निराला ग्रीन शायर सोसाइटी के फ्लैट खरीदारों और बिल्डर प्रतिनिधि की बैठक हुई।

दोनों पक्षों में कुछ मुद्दों पर मतभेद थे। खरीदारों ने सोसाइटी के रख-रखाव शुल्क और मेंटेनेंस के खर्च का ब्योरा सार्वजनिक करने की मांग की। ओएसडी संतोष कुमार ने बिल्डर प्रतिनिधि से खरीदार से लिए गए शुल्क को सार्वजनिक करने का निर्देश दिया, जिस पर बिल्डर तैयार हो गया। बिल्डर प्रतिनिधि ने रख-रखाव शुल्क के आय-व्यय को जल्द सार्वजनिक करने की बात कही। ओएसडी संतोष कुमार ने बिल्डर से प्राधिकरण की बकाया धनराशि जमा करने और खरीदारों के नाम फ्लैटों की रजिस्ट्री करने के भी निर्देश दिए।

खरीदारों ने सोसाइटी में आने-जाने का रास्ता दुरुस्त करने की मांग की। फ्लैट खरीदारों ने सोसाइटी के पार्क को दुरुस्त कराने, बारिश में पानी भरने और पार्किंग की समस्या को भी बैठक में रखा। प्राधिकरण के निर्देश पर बिल्डर ने इन समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान करने का आश्वासन दिया। ओएसडी ने बिल्डर से इसे दुरुस्त कराने को कहा। खरीदारों की मांग पर ओएसडी ने बिल्डर विभाग की टीम से साइट का निरीक्षण कराने का भी आश्वासन दिया। ओएसडी ने बिल्डर प्रतिनिधि से खरीदारों की समस्याओं का समाधान करने का रोडमैप भी शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।