डीएमआरसी ने यमुना प्राधिकरण को सौंपा टीओआर
ग्रेटर नोएडा। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने ग्रेटर नोएडा से जेवर एयरपोर्ट तक मेट्रो ट्रेन की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) के अलावा ग्रेटर नोएडा से नई दिल्ली एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन तक फिजिबिलिटी रिपोर्ट के लिए काम शुरू कर दिया है। दोनों प्रोजेक्ट की रिपोर्ट में प्रस्तावित कार्यों की बावत यमुना प्राधिकरण को टर्म आॅफ रेफरेंस (टीओआर) सौंपा गया है। डीपीआर 9 माह और फिजिबिलिटी रिपोर्ट 6 माह में तैयार होने की उम्मीद है। ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क-2 से जेवर एयरपोर्ट तक मेट्रो का विस्तार होना है। इसके लिए पहले सामान्य मेट्रो के संचालन की योजना थी। इसकी डीपीआर तैयार हो गई थी, मगर एयरपोर्ट के कारण एक्सप्रेस मेट्रो चलाई जाएगी। इसके लिए डीएमआरसी से डीपीआर बनवाने का फैसला लिया गया। डीएमआरसी ने अपनी स्वीकृति दे दी थी। कोरोना संक्रमण के कारण काम में देरी हुई। हालात सामान्य होने पर डीएमआरसी ने यमुना प्राधिकरण को टीओआर सौंप दिया है। टीओआर के मुताबिक नॉलेज पार्क-2 मेट्रो स्टेशन से नोएडा एयरपोर्ट तक 35.6 किमी लम्बे मेट्रो कॉरिडोर की डीपीआर तैयार की जाएगी। इसमें मेट्रो स्टेशन की संख्या कम से कम रखी जाएगी। इस रूट पर 120 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से मेट्रो चलाने के लिए स्ट्रक्चर तैयार किया जाएगा। इसके अलावा डीपीआर में मल्टी मॉडल ट्रांसपोर्ट, यात्री, डिपो, स्टेशन की लोकेशन आदि की जानकारी होगी। डीएमआरसी ने बताया कि डीपीआर 9 माह में तैयार कर ली जाएगी। डीएमआरसी नई दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट व जेवर एयरपोर्ट को आपस में मेट्रो से जोड़ने के लिए संभावना तलाश की जाएगी। इसकी फिजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार होगी। डीएमआरसी ग्रेटर नोएडा नॉलेज पार्क-2 मेट्रो स्टेशन से नई दिल्ली एयरपोर्ट एक्सप्रेस को लिंक करने के लिए फिजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार करेगी। यह कॉरिडोर करीब 38 किलोमीटर लंबा होगा। इस रूट पर स्टेशन, यात्री, एलिवेटेड एवं भूमिगत कॉरिडोर की रिपोर्ट तैयार की जाएगी। भविष्य में इस रूट को बनाया जाएगा। यह रिपोर्ट 6 माह में तैयार हो जाएगी। डीएमआरसी दोनों रिपोर्ट तैयार करने के लिए करीब 6 करोड़ रुपये लेगा। टीओआर में बताया गया है कि यदि रिपोर्ट तैयार करने में ट्रैक की लंबाई बढ़ती है तो डीएमआरसी प्रति किलोमीटर 6 से 10 लाख रुपये अतिरिक्त शुल्क लेगा। इसकी जानकारी यमुना प्राधिकरण को दे दी गई है। यमुना प्राधिकरण शीघ्र डीएमआरसी के अधिकारियों के साथ बैठक करेगा। इसमें आगे की रणनीति पर फैसला लिया जाएगा।
















