हेरिटेज सिटी को धरातल पर उतारने के लिए प्रयास

डीपीआर तैयार, यमुना प्राधिकरण में होगा प्रजेंटेशन
3 चरण में विकसित किया जाएगा अह्म प्रोजेक्ट

ग्रेटर नोएडा। यमुना एक्सप्रेस-वे के किनारे हेरिटेज सिटी के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं। मथुरा के राया में यह सिटी धरातल पर उतारी जाएगी। इसके लिए निजी कंपनी ने डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर ली है। यह कंपनी मंगलवार को यमुना विकास प्राधिकरण में डीपीआर का प्रस्तुतिकरण देगी। प्रस्तुतिकरण के उपरांत मिले सुझाव डीपीआर में समाहित किए जाएंगे। तदुपरांत फाइनल रिपोर्ट को उप्र शासन को प्रेषित किया जाएगा। जिस पर शासन स्तर से अंतिम निर्णय लिया जाएगा। मथुरा के राया में प्रस्तावित हेरिटेज सिटी का काम 3 चरण में संपन्न होगा। हेरिटेज सिटी का मास्टर प्लान उप्र सरकार से स्वीकृत हो चुका है। यह प्रोजेक्ट 9000 हेक्टेयर से ज्यादा भूमि में क्रियान्वित किया जाना है। प्रोजेक्ट की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने का दायित्व सीबीआरई नामक कंपनी को सौंपा गया था। कंपनी ने यमुना प्राधिकरण को ड्राफ्ट रिपोर्ट सौंप दी है। कंपनी के प्रतिनिधि मंगलवार को यमुना प्राधिकरण के अधिकारियों के समक्ष ड्राफ्ट का प्रस्तुतिकरण देंगे। प्रस्तुतिकरण में प्राप्त सुझावों को इस रिपोर्ट में शामिल किया जाएगा। इसके पश्चात यह रिपोर्ट उत्तर प्रदेश सरकार को भेजी जाएगी। सरकार की मंजूरी के बाद इस पर अग्रिम कार्रवाई आरंभ होगी। ड्राफ्ट रिपोर्ट के मुताबिक राया हेरिटेज सिटी 3ा चरण में विकसित की जाएगी। 2024-26 के बीच में पहला चरण, 2027 से 30 के मध्य में दूसरा चरण और 2031 के बाद तीसरा व अंतिम चरण विकसित करने की प्लानिंग की गई है। ड्राफ्ट रिपोर्ट में इस संबंध में तमाम जानकारी उपलब्ध है। ड्राफ्ट रिपोर्ट के मुताबिक पहले चरण में रिवर फ्रंट और पर्यटन जोन विकसित किया जाएगा। पर्यटन जोन 731 हेक्टेयर और रिवर फ्रंट 109 हेक्टेयर में विकसित होगा। इसमें ब्रज भूमि के सांस्कृतिक और पर्यटन को केंद्र में रखा जाएगा। यह जोन जहां पर विकसित होगा, उसमें 4 गांव आ रहे हैं। इसमें पानी गोप, दीवाना, धाकू व कल्याणपुर (कुछ हिस्सा) आएगा। इस जोन से मथुरा, वृंदावन, गोकुल और गोवर्धन को भी जोड़ा जा सकता है ताकि नए वृंदावन को नया महत्व मिल सके। वहां पर आर्ट एंड क्राफ्ट विलेज को भी विकसित करने की संभावना है। वहीं, यमुना प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) डॉ. अरुणवीर सिंह का कहना है कि राया हेरिटेज सिटी की ड्राफ्ट रिपोर्ट तैयार हो गई है। संबंधित कंपनी मंगलवार को ड्राफ्ट का प्रस्तुतिकरण देगी। इसके बाद यह रिपोर्ट सरकार को भेजी जाएगी।