इंजीनियर से लूट का मामला : बदमाश का स्केच जारी

ग्रेटर नोएडा। इंजीनियर निशांत से कार लूट के प्रकरण में पुलिस को अब तक कोई सफलता नहीं मिल पाई है। पुलिस ने अब एक बदमाश का स्केच जारी किया है। पुलिस ने संबंधित बदमाश की जानकारी देने पर उचित इनाम देने की घोषणा की है। बता दें कि ग्रेटर नोएडा में 130 मीटर रोड पर मिग्शन सोसाइटी के पास गत 14 मार्च की शाम 2 बदमाशों ने इंजीनियर निशांत कुमार से कार लूट ली थी। वारदात के वक्त बदमाश इंजीनियर की पत्नी और उनकी 4 माह की बेटी को करीब 200 मीटर तक कार में अगवा कर ले गए थे। आगे जाकर महिला व मासूम को चलती कार से नीचे फेंक कर बदमाश फरार हो गए थे। अभी तक पुलिस फरार बदमाशों को ढूंढ़ नहीं पाई है। डीसीपी सेंट्रल नोएडा हरिश्चंद्र के मुताबिक इंजीनियर निशांत की पत्नी से एक बदमाश का हुलिया पूछ कर स्केच तैयार किया गया है। पुलिस ने बदमाश के स्केच को सोशल मीडिया पर शेयर किया है, जिसमें इस बदमाश के विषय में जानकारी देने पर उचित इनाम की घोषणा की गई है। इसके अलावा जानकारी देने वाले व्यक्ति का नाम व पता गोपनीय रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि पुलिस की 17 टीमें बदमाशों की तलाश में जुटी हैं। हालांकि अभी तक बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा है।