नोएडा प्राधिकरण में आमजन की एंट्री शुरू

नोएडा। नोएडा प्राधिकरण में आम नागरिकों के प्रवेश पर पाबंदी को हटा लिया गया है। पहले की भांति अब पास बनवा कर नागरिक वहां एंट्री कर सकते हैं। कोरोना संक्रमण के कारण करीब डेढ़ पहले इस कार्यालय में आमजन के प्रवेश पर रोक लगा दी गई थी। ऐसे में कुछ जरूरी सेवाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू की गई थी। कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर का प्रकोप कम होने और अनलॉक की प्रक्रिया आरंभ होने के बाद नोएडा प्राधिकरण ने आम नागरिकों को लेकर जारी पाबंदियां हटा दी हैं। इसके चलते सोमवार से नोएडा प्राधिकरण में नागरिकों का प्रवेश प्रारंभ हो गया। इसके लिए प्रवेश पास भी बनने लगे हैं। पास संबंधित विभाग के विशेष कार्याधिकारी (ओएसडी) के लिए बनाया जाता है। कार्यालय के भीतर विशेष परिस्थिति में प्रवेश दिया जाता है। सोमवार को 250 से ज्यादा नागरिकों ने पास बनवाए। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि नागरिकों से अपील की जा रही है कि विभाग में आने की बजाए वह ऑनलाइन सुविधाओं का लाभ लें। लॉक डाउन के दौरान नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों ने आपसी संवाद भी ऑनलाइन करना शुरू कर दिया था।