ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे पर किसानों का हंगामा

गेहूं का उचित मूल्य न मिलने पर विरोध-प्रदर्शन

ग्रेटर नोएडा। गेहूं की फसल का उचित मूल्य न मिलने से नाराज किसानों ने शनिवार को ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे पर जमकर हंगामा किया। किसानों ने रामपुर-फतेहपुर के पास सिरसा कट पर विरोध-प्रदर्शन कर भड़ास निकाली। किसान संयुक्त मोर्चा के आह्वान पर भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) ने इस आंदोलन की अगुवाई की। लगभग एक घंटे तक किसान एक्सप्रेस-वे पर विरोध करते रहे। किसानों ने गेहूं की फसल का उचित मूल्य न मिलने पर नाराजगी जाहिर की। बाद में पुलिस से वार्ता होने और समझाए जाने पर किसान मान गए। प्रदर्शन के मद्दनजर सिरसा और दादरी कट पर काफी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के प्रदेश प्रवक्ता पवन खटाना और जिलाध्यक्ष अनित कसाना के नेतृत्व में शनिवार की सुबह काफी संख्या में किसान सिरसा टोल पर पहुंचे। किसानों ने तीनों कृषि कानून का विरोध किया। इसके अलावा स्थानीय किसानों की समस्याओं के संबंध में पुलिस अधिकारियों से वार्ता की। भाकियू नेताओं ने बताया कि जिले में किसानों को गेहूं का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है। उन्होंने सहकारी मंडियों में तौल न होने का भी आरोप लगाया। ग्रेटर नोएडा के डीसीपी राजेश कुमार सिंह और एडीसीपी विशाल पांडे ने किसी तरह किसानों को समझाया। तदुपरांत किसान वहां से हटकर डासना के लिए रवाना हो गए। इसके पहले किसान सिरसा कट पर पहुंचे तो पुलिस ने एक्सप्रेस-वे पर जाने वाले वाहनों को पहले ही रोक दिया। पुलिस के आला अधिकारियों ने किसी तरह किसानों को समझाया, जिसके चलते जाम नहीं लग सका।