कुर्सी जाने के डर से गौतमबुद्ध नगर आने से डरते थे पूर्व के मुख्यमंत्री : योगी

ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को ग्रेटर नोएडा पहुंचे। इस दौरान सीएम योगी ने पूर्व मुख्यमंत्रियों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पूर्व के मुख्यमंत्री जनपद गौतमबुद्ध नगर की सरजमीं पर कदम रखने से संकोच करते थे। गौतमबुद्ध नगर आने पर उन्हें कुर्सी जाने का खतरा रहता था। सीएम योगी ने कहा कि पिछले 5 साल के भीतर वह जब जरूरत हुई, तब इस जनपद में आए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को अधिकारिक दौर पर ग्रेटर नोएडा पहुंचे थे। इस दौरान वह खुद को चुनावी माहौल से दूर नहीं रख पाए।

उन्होंने विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा। गौतमबुद्ध नगर में पूर्व मुख्यमंत्रियों के आने में संकोच करने पर पर भी योगी ने टिप्पणी की। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व मुख्यमंत्रियों के पास जनता के लिए कोई एजेंडा नहीं था। खुद और सत्ता के बारे में ही सोचते रहे। पूर्व मुख्यमंत्रियों ने जनता के उन्नयन के लिए कुछ नहीं किया। विधान सभा चुनाव के बीच मुख्यमंत्री कोविड की तीसरी लहर में हालात का जायजा लेने ग्रेटर नोएडा के राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान और क्यामपुर गांव पहुंचे। कोविड के दौरान अपनी सरकार के कार्यों पर भी सीएम ने प्रकाश डाला।

उन्होंने गौतमबुद्ध नगर से प्रदेश की जनता को संदेश दिया कि पूर्व के मुख्यमंत्री गौतमबुद्ध नगर में आने से महज इसलिए संकोच करते थे कि कहीं उनकी कुर्सी न चली जाए। उन्हें सिर्फ अपने जीवन और सत्ता की चिंता थी। जनता के लिए कोई काम नहीं किया। जनता के लिए उनके पास कोई एजेंडा नहीं था। जनता के आर्थिक उन्नयन के लिए भी उन्होंने कुछ नहीं किया। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि वे कई बार गौतमबुद्ध नगर आ चुके हैं और जनता के हित में किए जा रहे कार्यों का निरीक्षण कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि कोविड की पहली व दूसरी लहर में केंद्र व प्रदेश सरकार ने मिलकर बेहतरीन कार्य किया है। तीसरी लहर में कोविड मरीजों के लिए किए गए प्रबंधों का जायजा लेने के लिए फिर से आए हैं।