नोएडा। जनपद गौतम बुद्ध नगर के अट्टा गांव में गुरुवार को घरेलू सिलेंडर में गैस का रिसाव होने से अचानक आग लग गई। आग की चपेट में आकर 6 नागरिक झुलस गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां से 5 घायलों को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक नोएडा सेक्टर-28 के समीप अट्टा गांव में मकान के भीतर यह घटना घटी। इस मकान में धर्मेंद्र (35), सुनीता (30), मुकेश (27), जयवीर (23), अंतेश (14) व नीति (5) रहते हैं। पुलिस ने बताया कि यह परिवार चाट-पकौड़ी बेचने का काम करता है। मकान में गुरुवार की सुबह खाना पकाने के दौरान सिलेंडर से गैस का रिसाव होने लगा। इससे एकाएक आग लग गई। ऐसे में शोर-शराबा मचने पर आस-पास के नागरिक वहां आ पहुंचे। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। आग की चपेट में आने से 6 नागरिक झुलस गए। सभी घायलों को आनन-फानन में उपचार के लिए नोएडा के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से 5 पीड़ितों को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है।
















