यमुना प्राधिकरण की सौगात, 31 किसानों को 49 करोड़ का भुगतान, 140 को जल्द मिलेगा लाभ

ग्रेटर नोएडा। यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) से किसानों को राहत मिलनी शुरू हो गई है। मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) डॉ. अरुणवीर सिंह की मंशा को भांपकर मातहत काम करते दिखाई दे रहे हैं। इसी क्रम में निलौनी शाहपुर गांव के 31 किसानों को अतिरिक्त मुआवजा राशि की एवज में लगभग 49 करोड़ रुपए का भुगतान कर दिया गया है। यमुना प्राधिकरण ने किसानों की समस्याओं को निपटाने में गंभीरता दिखाई है। सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह के निर्देश पर किसानों से जुड़े मामलों को तेजी से हल किया जा रहा है।

अतिरिक्त मुआवजा, आबादी भूखंड, बैक लीज इत्यादि से संबंधित प्रकरणों का निपटारा तेजी से किया जा रहा है। निलौनी शाहपुर के 31 किसानों को अतिरिक्त मुआवजा राशि की एवज में लगभग 49 करोड़ रुपए उपलब्ध कराने के बाद इस गांव के 140 कृषकों को भी जल्द पैसा दे दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त रौनीजा गांव के 481 किसानों को आबादी के भूखंड मिलने का मार्ग प्रशस्त हो गया है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद 64.7 प्रतिशत का अतिरिक्त मुआवजा प्रदान किया जा रहा है। यमुना प्राधिकरण ने निलौनी शाहपुर गांव के किसानों को यह पैसा देना आरंभ कर दिया है। 31 किसानों को को यह पैसा दिया जा चुका है। इस गांव के 140 किसानों को भी शीघ्र अतिरिक्त मुआवजा का वितरण कर दिया जाएगा। इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दे दिए गए हैं।

किसानों को अतिरिक्त मुआवजा मिलने से प्राधिकरण को सेक्टर 18 और 20 की रुकी हुई जमीन मिल जाएगी। इससे विकास परियोजनाओं को गति मिलेगी। यमुना प्राधिकरण 7 प्रतिशत आबादी के मामले भी निपटा रहा है। ग्राम चांदपुर के 176 किसानों को आरक्षण पत्र जारी कर दिया गया है। जल्द उन्हें भूखंड मिल जाएंगे। इसके अलावा मंगलवार को रौनीजा गांव के 7 प्रतिशत आबादी के 481 मामलों का निराकरण किया गया। इसकी सूची शीघ्र ही जारी हो जाएगी। इसके बाद किसानों को आरक्षण पत्र जारी कर दिए जाएंगे। उन्हें भूखंड मिल जाएंगे।

किसानों की समस्याओं का निदान करने के लिए गंभीरता से प्रयास किए जा रहे हैं। समस्याओं का जल्द से जल्द निपटारा करने को विचार मंथन कर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। किसानों को अतिरिक्त मुआवजा का भुगतान शुरू कर दिया गया है।
डॉ. अरुणवीर सिंह
सीईओ
यमुना प्राधिकरण